Ranchi News : दुर्गा पूजा के दौरान शहर में ट्रैफिक और कानून-व्यवस्था को बेहतर रखने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है. शनिवार को समाहरणालय सभागार में डीसी मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई. इसमें ट्रैफिक, अतिक्रमण, पार्किंग, विकास योजनाओं और पूजा के दौरान भीड़ को लेकर चर्चा हुई.
इसे भी पढ़ें...
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहर के प्रमुख और व्यस्त रास्तों पर बने अनधिकृत कट की पहचान कर उन्हें हटाने की कार्रवाई की जाए. पूजा के दौरान वाहनों और श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने को देखते हुए जाम वाले इलाकों को पहले से चिन्हित कर ट्रैफिक प्लान तैयार करने को कहा गया.
अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा कब्जा न हो, इस पर भी प्रशासन ने जोर दिया. डीसी ने ऐसे स्थानों पर लगातार निगरानी रखने और माइकिंग के जरिए लोगों को अतिक्रमण नहीं करने की जानकारी देने का निर्देश दिया.
सभी वार्डों में वेंडर मार्केट के लिए जगह चिन्हित होगी
डीसी ने रांची के सभी शहरी वार्डों में वेंडर मार्केट के लिए उपयुक्त जगह तलाशने का निर्देश दिया. नगर निगम को अंचल अधिकारियों के साथ मिलकर जगहों की सूची तैयार करने को कहा गया. इसका उद्देश्य सड़क और फुटपाथ पर बेतरतीब तरीके से दुकान लगाने की समस्या को कम करना है.
इसके अलावा शहरी क्षेत्रों में खाली पड़ी सरकारी जमीन को भी चिन्हित करने का निर्देश दिया गया. इन जमीनों की सूची तैयार की जाएगी, ताकि भविष्य में विकास और जनहित की योजनाओं के लिए उनका इस्तेमाल किया जा सके.
अवैध पार्किंग पर कार्रवाई के निर्देश
बैठक में प्रमुख चौक-चौराहों और जाम वाले इलाकों में अवैध पार्किंग पर कार्रवाई की समीक्षा की गई. यातायात नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ऑटोमैटिक चालान की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई. अधिकारियों को नियम तोड़ने वालों और सड़क किनारे अवैध कब्जा करने वालों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.
बेतरतीब केबल और सड़क पर गड्ढों को लेकर सख्ती
डीसी ने बिजली के खंभों पर बेतरतीब तरीके से लगे केबल को हटाने के लिए विद्युत विभाग को कार्रवाई करने को कहा. वहीं GAIL के अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सड़क पर काम पूरा करने के बाद गड्ढों को भरकर सड़क को पहले जैसी स्थिति में लाएं. डीसी ने कहा कि सड़क पर काम के बाद किसी तरह की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए. लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई.
विकास योजनाओं में तेजी लाने का निर्देश
बैठक में जिले में चल रही विकास योजनाओं की भी समीक्षा की गई. डीसी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और लंबित योजनाओं को तय समय पर पूरा करने का निर्देश दिया.
उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु शहर में पहुंचेंगे. ऐसे में ट्रैफिक, कानून-व्यवस्था, अतिक्रमण नियंत्रण और शहर की सफाई से जुड़े कामों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए.
बैठक में एसपी सिटी पारस राणा, एसडीओ सदर कुमार रजत, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर धनंजय, उपसमाहर्ता भूमि मुकेश कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और अंचल अधिकारी मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

