Search

 
 
 

झारखंड के शहरों के विस्तार की तैयारी, शहरी जिलों में सैटलाइट टाउनशिप की योजना बनाने का निर्देश

Ranchi News : मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक शहरी विकास से निवेश, रोजगार, व्यापार और अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा. उन्होंने अधिकारियों को भूमि से जुड़े कार्यों और अन्य जरूरी प्रक्रियाओं में तेजी लाने और योजनाओं की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया.
 
सीएम ने की बैठक

Ranchi News : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड में भविष्य की जरूरतों को देखते हुए शहरों के सुनियोजित विकास पर जोर दिया है. उन्होंने राज्य के शहरीकृत जिलों में सैटलाइट टाउनशिप विकसित करने की संभावनाओं पर कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया है.

 

झारखंड मंत्रालय में मुख्यमंत्री ने ग्रेटर रांची डेवलपमेंट अथॉरिटी यानी GRDA और रांची स्मार्ट सिटी से जुड़े भूमि संबंधी मामलों की समीक्षा की. बैठक में शहरों के विस्तार, आधुनिक सुविधाओं और भविष्य के शहरी विकास को लेकर चर्चा हुई.

 

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जिन जिलों में तेजी से शहरीकरण हो रहा है, वहां सैटलाइट टाउनशिप विकसित करने की संभावनाओं का अध्ययन किया जाए. इसके लिए उपलब्ध जमीन, सड़क और अन्य कनेक्टिविटी, बुनियादी सुविधाएं, रोजगार के अवसर और भविष्य में बढ़ने वाली आबादी को ध्यान में रखकर योजना तैयार की जाए.

 

उन्होंने कहा कि शहरी विकास सिर्फ सड़क और भवन बनाने तक सीमित नहीं होना चाहिए. लोगों को बेहतर सुविधाएं, सुरक्षित माहौल, आसान आवागमन और अच्छी सार्वजनिक सेवाएं मिलें, इस सोच के साथ शहरों का विकास किया जाना चाहिए.

 

बैठक में रांची स्मार्ट सिटी के भविष्य में विस्तार की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई. मुख्यमंत्री ने वर्तमान संसाधनों का आकलन कर इसके विस्तार के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाने को कहा. इस दौरान HEC के साथ जमीन और अन्य मुद्दों पर भविष्य में बातचीत करने की संभावना पर भी चर्चा की गई.

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक शहरी विकास से निवेश, रोजगार, व्यापार और अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा. उन्होंने अधिकारियों को भूमि से जुड़े कार्यों और अन्य जरूरी प्रक्रियाओं में तेजी लाने और योजनाओं की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया.

 

बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार, वित्त विभाग के सचिव प्रशांत कुमार, उद्योग विभाग के सचिव अरवा राजकमल, राजस्व विभाग के सचिव चंद्रशेखर, रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री समेत स्मार्ट सिटी, जियाडा और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही