Ranchi News : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कोलकाता स्थित ऑस्ट्रेलिया के महावाणिज्य दूत बर्नार्ड लिंच से मुलाकात की. इस दौरान झारखंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच सहयोग बढ़ाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई.
बैठक में कौशल विकास और तकनीकी शिक्षा, तकनीक और नए प्रयोग, खनिज, खेल और पर्यटन जैसे कई क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर बात हुई. दोनों क्षेत्रों की आदिवासी संस्कृति और पारंपरिक ज्ञान को लेकर भी विचार साझा किए गए.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड के प्राकृतिक संसाधन, यहां की मानव क्षमता और समृद्ध आदिवासी विरासत में सहयोग की काफी संभावनाएं हैं. ऑस्ट्रेलिया की विशेषज्ञता, संस्थानों और उद्योगों के साथ मिलकर इन क्षेत्रों में काम किया जा सकता है.
उन्होंने कहा कि इस बातचीत को आगे बढ़ाते हुए झारखंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच मजबूत और लंबे समय तक चलने वाली साझेदारी बनाने की दिशा में काम किया जाएगा. मुख्यमंत्री ने दोनों पक्षों के लिए फायदेमंद सहयोग को आगे बढ़ाने की उम्मीद जताई.

