Ayodhya : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिन आज गुरुवार को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में श्रीराम यंत्र की स्थापना की. राष्ट्रपति ने संतों की उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मंदिर के द्वितीय तल पर श्रीराम यंत्र की विधिवत प्रतिष्ठापना की.
जान लें कि श्रीराम यंत्र दो साल पूर्व जगद्गुरु शंकराचार्य विजयेंद्र सरस्वती महाराज द्वारा अयोध्या भेजा गया था. जानकारी के अनुसार वैदिक गणित और ज्यामितीय आकृतियों पर आधारित यंत्र देवताओं का निवास माना जाता है. इसमें सकारात्मक ऊर्जा आकर्षित करने की क्षमता है.
बता दें कि दक्षिण भारत, काशी, अयोध्या के आचार्यों द्वारा मंदिर में श्रीराम यंत्र के लिए नौ दिवसीय वैदिक अनुष्ठान शुरू किया गया था. श्रीराम यंत्र की स्थापना के क्रम में राष्ट्रपति ने रामलला की आरती की. इस अवसर पर राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उपस्थित थे. उन्होंने भी राष्ट्रपति के साथ रामलला की पूजा-अर्चना की. द्रौपदी मुर्मू ने श्रीराम मंदिर परिसर का भ्रमण भी किया.
यंत्र प्रतिष्ठापना समारोह में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मां अमृतानंदमयी, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि, ट्रस्टी अनिल मिश्रा, सदस्य गोपाल जी सहित अन्य मौजूद थे.
जानकारी के अनुसार समारोह में शामिल होने केरल से मां अमृतानंदमयी अपने 1000 भक्तों के साथ रेल मार्ग से अयोध्या पहुंचीं. पूजा-अर्चना के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अयोध्या से मथुरा के लिए रवाना हो गयी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment