Search

 
 
 

69वीं राष्ट्रीय स्कूली तीरंदाजी प्रतियोगिता में झारखंड की प्रिया माहाली ने जीता स्वर्ण

मणिपुर के खुमान लम्पक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 14 से 18 जनवरी 2026 तक आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली तीरंदाजी प्रतियोगिता (एसजीएफआई) में झारखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का नाम देशभर में रोशन किया है.
 

Ranchi : मणिपुर के खुमान लम्पक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 14 से 18 जनवरी 2026 तक आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली तीरंदाजी प्रतियोगिता (एसजीएफआई) में झारखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का नाम देशभर में रोशन किया है. 

 

इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में झारखंड की तीरंदाजी एवं वुशु टीम स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के नेतृत्व में भाग ले रही है.

 

प्रतियोगिता के तीसरे दिन आयोजित तीरंदाजी स्पर्धा में इंडियन इंडिविजुअल राउंड (ओलंपिक राउंड) 40 मीटर, अंडर–19 बालिका वर्ग में झारखंड की प्रिया माहाली ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया.

 

इस जीत के साथ ही प्रिया ओवरऑल चैंपियन भी बनीं. उल्लेखनीय है कि प्रिया ने लगातार तीसरा स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा, धैर्य और सटीक निशानेबाजी का उत्कृष्ट परिचय दिया तथा झारखंड के पदक खाते में एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ी.

 

वहीं, मणिपुर के खुमान लम्पक स्पोर्ट्स इनडोर स्टेडियम में आयोजित वुशु अंडर–19 बालक वर्ग प्रतियोगिता में भी झारखंड के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया. अंडर–52 किग्रा भार वर्ग में ध्रुव द्विवेदी ने विद्याभारती के खिलाड़ी को पराजित कर कांस्य पदक जीता.

 

अंडर–60 किग्रा भार वर्ग में देव कुमार बेड़िया ने बिहार के खिलाड़ी को हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया. इसी तरह अंडर–75 किग्रा भार वर्ग में राज कुमार ने विद्याभारती के खिलाड़ी को तथा अंडर–80 किग्रा भार वर्ग में सुप्रित ने केरल के खिलाड़ी को पराजित कर कांस्य पदक सुनिश्चित किया.

 

टीम के इस शानदार प्रदर्शन में कोच और मैनेजर रोहित कुमार, गंगाधर, ललिता लुगुन, प्रवीण बजराई तथा एचओडी सुशील कच्छप की अहम भूमिका रही, जिन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर मार्गदर्शन और प्रेरणा दी.

 

खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी सच्चिदानंद द्विवेदी तिग्गा, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग, राज्य खेल कोषांग के सदस्यों सहित संबंधित कोच, मैनेजर एवं सहयोगी स्टाफ ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही