Ranchi News: सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2027 में बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रांची जिले के सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में प्रोजेक्ट TEAM के तहत विद्यार्थियों की तैयारी को मजबूत किया जा रहा है. इसी क्रम में जिला शिक्षा अधीक्षक-सह-जिला नोडल पदाधिकारी बादल राज ने सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, बरियातू का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने प्रोजेक्ट TEAM परीक्षा के सुचारू और कदाचारमुक्त संचालन का जायजा लिया.
इसे भी पढ़ें:
प्रोजेक्ट TEAM (Testing, Evaluation, Assessment and Mentoring) रांची जिला प्रशासन की पहल है. इसके तहत जिले के सभी पांच सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा के लिए तैयार किया जा रहा है. नियमित परीक्षा, मूल्यांकन और शैक्षणिक मार्गदर्शन के माध्यम से विद्यार्थियों की कमजोरियों को पहचानकर उनमें सुधार करने पर जोर दिया जा रहा है.
अगस्त 2026 में प्रोजेक्ट TEAM-II का आयोजन किया गया था. इसमें लगभग शत-प्रतिशत विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई थी. इस पहल के तहत प्रश्नपत्र सीबीएसई के नवीनतम दिशा-निर्देशों और परीक्षा पैटर्न के अनुरूप तैयार किए जाते हैं. इससे विद्यार्थियों को अपनी तैयारी का आकलन करने और परीक्षा संबंधी कठिनाइयों को समय रहते दूर करने का अवसर मिलता है.
जिला शिक्षा अधीक्षक के मार्गदर्शन में नियमित अनुश्रवण और व्यवस्थित मूल्यांकन के जरिए विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने तथा बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है. प्रोजेक्ट TEAM का उद्देश्य जिले के सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देना और बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट परिणाम की दिशा में आगे बढ़ना है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

