Lagatar Desk : कॉमेडियन कपिल शर्मा का पॉपुलर शो द ग्रेट इंडियन कपिल शो अपने पांचवें सीजन के साथ वापसी करने जा रहा है. शो का नया सीजन 26 सितंबर से हर शनिवार रात 8 बजे नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगा. मेकर्स ने पहले एपिसोड का प्रोमो जारी कर दिया है, जिसमें अजय देवगन, तब्बू और ‘दृश्यम 3’ की टीम नजर आ रही है. प्रोमो में कपिल शर्मा सितारों के साथ जमकर मस्ती करते दिखाई दे रहे हैं.
दृश्यम 3’ की कास्ट के साथ कपिल की मस्ती
शो के पहले एपिसोड में ‘दृश्यम 3’ की टीम मेहमान बनकर पहुंचेगी. प्रोमो की शुरुआत कपिल शर्मा के मजेदार अंदाज से होती है. वह सोशल मीडिया पर त्योहारों के दौरान पोस्ट की जाने वाली तस्वीरों को लेकर मजाक करते नजर आते हैं.
कपिल कहते हैं कि महिलाओं के कपड़ों से आसानी से पता लगाया जा सकता है कि दिवाली है या करवा चौथ, लेकिन पुरुष किसी भी त्योहार पर एक ही कुर्ता पहनकर तस्वीर खिंचवा लेते हैं. उनकी इस बात पर सेट पर मौजूद सितारे हंसते नजर आते हैं.
अजय देवगन पर भी कपिल ने किया मजाक
कपिल शर्मा ने अजय देवगन के साथ अपनी बातचीत को लेकर भी मजेदार किस्सा सुनाया. उन्होंने बताया कि वह अजय को करीब 15 साल से जानते हैं, लेकिन दोनों की बातचीत बेहद कम हुई है.कपिल ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उनकी और अजय की बातचीत अक्सर बस इतनी ही होती है- “मैं ठीक हूं, आप कैसे हैं कपिल के इस अंदाज पर अजय समेत पूरा सेट हंसी से गूंज उठा.
रवि शास्त्री और सुनील गावस्कर भी आएंगे नजर
‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ के नए सीजन में सिर्फ बॉलीवुड सितारे ही नहीं, बल्कि क्रिकेट जगत की दिग्गज हस्तियां भी नजर आएंगी. शो में रवि शास्त्री और सुनील गावस्कर भी पहुंचेंगे. प्रोमो में दोनों पूर्व क्रिकेटरों को शो के पुराने जज नवजोत सिंह सिद्धू के साथ बातचीत करते देखा जा सकता है. सिद्धू भी नए सीजन में शो में वापसी कर रहे हैं.

