Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

Dhanbad News: एयरपोर्ट-एम्स की मांग को लेकर एक मंच पर जुटे जनप्रतिनिधि

कोयलांचल के समग्र विकास, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं, एयरपोर्ट, रेल संपर्क और आधारभूत संरचना के विस्तार की मांग को लेकर बुधवार को धनबाद विकास मंच के बैनर तले रणधीर वर्मा चौक पर एक दिवसीय महाधरना आयोजित किया गया.
Advertisement
Advertisement
कोयले की राजधानी की खबरें

Dhanbad: कोयलांचल के समग्र विकास, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं, एयरपोर्ट, रेल संपर्क और आधारभूत संरचना के विस्तार की मांग को लेकर बुधवार को धनबाद विकास मंच के बैनर तले रणधीर वर्मा चौक पर एक दिवसीय महाधरना आयोजित किया गया. मूसलाधार बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोग धरना स्थल पर डटे रहे.

Uploaded Image

कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि विभिन्न राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर धनबाद के विकास के मुद्दे पर एकजुटता दिखाई.

इसे भी पढ़ें: 

मुख्य अतिथि जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कहा कि धनबाद अब केवल कोयला आधारित अर्थव्यवस्था तक सीमित नहीं रह सकता. भविष्य की जरूरतों को देखते हुए वैकल्पिक ऊर्जा, आधुनिक उद्योग और तकनीक आधारित विकास की दिशा में आगे बढ़ना होगा.

 

उन्होंने श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट, कोलकाता के माध्यम से पूर्वी एशियाई देशों से व्यापारिक संबंध मजबूत करने और धनबाद को पूर्वी भारत के व्यापारिक केंद्र के रूप में विकसित करने का सुझाव दिया. साथ ही शहर के आसपास सैटेलाइट टाउनशिप विकसित कर आईटी और एआई कंपनियों को आकर्षित करने की बात कही जिससे स्थानीय युवाओं को अपने ही जिले में बेहतर रोजगार मिल सके.

 

निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने कहा कि यह आंदोलन किसी दल का नहीं बल्कि पूरे धनबाद की जनता के अधिकारों का आंदोलन है. उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट, नई ट्रेनों और अन्य केंद्रीय परियोजनाओं से जुड़ी मांगों को संसद तक पहुंचाने के लिए देश के विभिन्न सांसदों का सहयोग लिया जाएगा. 

 

उन्होंने स्वीकार किया कि खनन क्षेत्र में विस्थापन और भू-धंसान गंभीर समस्याएं हैं लेकिन बीसीसीएल और धनबाद एक-दूसरे के पूरक हैं. इन मुद्दों के स्थायी समाधान के लिए जिला प्रशासन, राज्य सरकार और जनप्रतिनिधियों के साथ जल्द ही व्यापक सेमिनार आयोजित करने की बात कही.

 

सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो ने कहा कि धनबाद जैसे औद्योगिक और शैक्षणिक महत्व वाले जिले के लोगों को आज भी बेहतर शिक्षा, उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं और रोजगार के अवसरों के लिए दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ता है जो जिले के विकास की वास्तविक स्थिति को दर्शाता है. 

 

उन्होंने कहा कि यह स्थिति बदलनी होगी और धनबाद को आत्मनिर्भर बनाना समय की मांग है. उन्होंने कहा कि जिले में देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में शामिल आईआईटी (आईएसएम) धनबाद मौजूद है लेकिन इसके बावजूद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, कौशल विकास और रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण के लिए अपेक्षित माहौल नहीं बन पाया है.

 

यदि सरकार और प्रशासन इस दिशा में ठोस पहल करें तो धनबाद को शिक्षा और कौशल विकास का बड़ा केंद्र बनाया जा सकता है जिससे युवाओं का पलायन रुकेगा और उन्हें स्थानीय स्तर पर बेहतर अवसर मिलेंगे.

 

चंद्रदेव महतो ने यह भी कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में भी धनबाद को मजबूत करने की जरूरत है. उन्होंने जिले में एम्स जैसी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, अत्याधुनिक ट्रॉमा सेंटर और गंभीर मरीजों के त्वरित इलाज के लिए एयरपोर्ट की स्थापना को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया. 

 

उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं या गंभीर बीमारियों की स्थिति में मरीजों को रांची, कोलकाता या अन्य महानगरों में रेफर करना पड़ता है जिससे कई बार अनमोल समय नष्ट हो जाता है. यदि ये सुविधाएं धनबाद में उपलब्ध हों, तो न केवल जिले बल्कि पूरे कोयलांचल के लाखों लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा.

 

धनबाद के मेयर संजीव सिंह ने कहा कि जिले का विकास तभी संभव है जब जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी एक साझा रणनीति के तहत काम करें. उन्होंने सुझाव दिया कि बीसीसीएल के सीएमडी, उपायुक्त, रेलवे के डीआरएम और पुलिस अधीक्षक जैसे अधिकारियों के साथ नियमित समन्वय बैठक होनी चाहिए.

 

उन्होंने खनन क्षेत्रों में जर्जर सड़कों, अव्यवस्थित खनन और सुरक्षा संबंधी समस्याओं पर चिंता जताते हुए कहा कि जनता के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि धनबाद के विकास की लड़ाई में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है.

 

महाधरना के दौरान वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि देश को सबसे अधिक राजस्व देने वाले जिलों में शामिल होने के बावजूद धनबाद आज भी एयरपोर्ट, सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, बेहतर रेल संपर्क और आधुनिक आधारभूत सुविधाओं जैसी मूलभूत जरूरतों से वंचित है. उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से इन लंबित मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें. 

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही