- रोजाना परिचालन की योजना
- कोल्हान और ओडिशा के यात्रियों को मिलेगा सीधा रेल संपर्क
Ranchi : झारखंड और ओडिशा के रेल यात्रियों के लिए राहत की खबर है. रेलवे बोर्ड ने पुरी-बादामपहाड़ एक्सप्रेस (18411/18412) के परिचालन को मंजूरी दे दी है. इससे संबंधित आदेश 19 अक्टूबर को जारी कर दी गई है.
जारी आदेश के अनुसार, संबंधित रेलवे जोन को ट्रेन चलाने की आवश्यक तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया गया है. हालांकि, नियमित परिचालन शुरू होने की तारीख की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है.
इसे भी पढ़ें
प्रस्तावित ट्रेन पुरी और बादामपहाड़ के बीच चलेगी. इसके मार्ग में टाटानगर सहित प्रमुख स्टेशन शामिल होने से जमशेदपुर और कोल्हान क्षेत्र के यात्रियों को लाभ मिलने की उम्मीद है. इससे पुरी की यात्रा के लिए रेल विकल्प बढ़ेगा और मयूरभंज क्षेत्र की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी.
रेलवे बोर्ड की मंजूरी के मुताबिक, ट्रेन को प्रतिदिन चलाने की योजना है. इसमें एलएचबी कोच लगाए जाने की भी जानकारी है. परिचालन से जुड़ी तैयारियों के लिए संबंधित रेलवे जोन के बीच समन्वय स्थापित करने को कहा गया है. जरूरत पड़ने पर उद्घाटन के लिए विशेष ट्रेन चलाने का विकल्प भी रखा गया है.
पुरी धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र है. ऐसे में नई सेवा शुरू होने से झारखंड और ओडिशा के यात्रियों को सुविधा मिलने की संभावना है. फिलहाल यात्रियों को अंतिम समय-सारिणी, स्टेशनवार ठहराव, परिचालन की तारीख और टिकट बुकिंग संबंधी आधिकारिक सूचना का इंतजार करना होगा.

