Ranchi News: अरगोड़ा के दीपाटोली में बीती रात करीब 2 बजे ब्लिंकिट के डिलीवरी कर्मचारी शंकर के साथ हुई मारपीट को लेकर आजसू छात्र संघ ने नाराजगी जताई है. संगठन ने कंपनी प्रबंधन से मामले की निष्पक्ष जांच करने और कर्मचारी का पक्ष सुनने की मांग की है.
मिली जानकारी के अनुसार, शंकर को ब्लिंकिट के माध्यम से एक ऑर्डर मिला था. वह सामान पहुंचाने ग्राहक के घर जा रहे थे. इसी दौरान ग्राहक ने ऑर्डर रद्द कर दिया. बताया जा रहा है कि इसी बीच शंकर का मोबाइल फोन बंद हो गया. इस कारण उन्हें समय पर ऑर्डर रद्द होने की जानकारी नहीं मिल सकी और वह सामान लेकर ग्राहक के घर पहुंच गए.
आरोप है कि वहां उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया और उन्हें धमकी भी दी गई. शंकर ने अपनी ओर से पैसे खर्च कर सामान की भरपाई की और उसे कंपनी को वापस कर दिया. इसके बावजूद कंपनी ने उनकी आईडी ब्लॉक कर दी. मामले में शंकर के खिलाफ केस दर्ज होने की भी जानकारी सामने आई है.
घटना की जानकारी लेने के लिए मीडिया ने जब डिलीवरी कर्मचारियों से बात की, तो उन्होंने अपनी कई समस्याएं बताईं. कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि काम के दौरान दुर्घटना होने पर कंपनी से जरूरी मदद नहीं मिलती. शिकायतों पर भी प्रबंधन उचित ध्यान नहीं देता. इससे कर्मचारियों की सुरक्षा और रोजगार को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
इसे भी पढ़ें -
आजसू छात्र संघ के महानगर अध्यक्ष अमन साहू ने कहा कि किसी कर्मचारी के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. अगर शंकर से कोई गलती हुई है, तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि कर्मचारी का पक्ष सुने बिना आईडी ब्लॉक करना उचित नहीं है. इससे उसकी आजीविका पर असर पड़ता है.
आजसू छात्र संघ के प्रदेश सचिव राजेश सिंह ने कहा कि डिलीवरी कर्मचारी दिन-रात मेहनत करके लोगों तक सामान पहुंचाते हैं. काम के दौरान उनके साथ दुर्व्यवहार होना या दुर्घटना के समय मदद नहीं मिलना गंभीर मामला है. उन्होंने कहा कि कंपनी की जिम्मेदारी सिर्फ सामान पहुंचाने तक सीमित नहीं है. कर्मचारियों की सुरक्षा और उनकी शिकायतों का समाधान करना भी प्रबंधन का दायित्व है.
आजसू छात्र संघ की प्रमुख मांगें
- शंकर के मामले की निष्पक्ष जांच हो और उनका पक्ष सुना जाए.
- उनकी आईडी ब्लॉक करने के फैसले की समीक्षा की जाए.
- घटना और दर्ज मामले की निष्पक्ष जांच हो.
- दुर्घटना की स्थिति में कर्मचारियों को तुरंत सहायता मिले.
- शिकायतों के समाधान के लिए जवाबदेह व्यवस्था बनाई जाए.
आजसू छात्र संघ ने कहा कि संगठन कर्मचारियों के सम्मान, सुरक्षा और न्याय के लिए आवाज उठाता रहेगा. संगठन ने ब्लिंकिट प्रबंधन से जल्द उचित कार्रवाई करने की मांग की है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

