Ranchi News : नगर निगम की टीम शहर में लगातार अतिक्रमण हटाओ अभियान चला रही है. मुख्य सड़कों के किनारे लगाए गए ठेले-खोमचे हटाने के साथ उन्हें जब्त किया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें...
वहीं, नो-पार्किंग और अवैध पार्किंग में खड़े वाहनों पर चालान की कार्रवाई भी की जाती है. इसके बावजूद डीसी-एसडीओ कार्यालय आने-जाने वाली सड़क पर पिछले कई दिनों से बड़ी संख्या में दोपहिया वाहन नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े किए जा रहे हैं.
डीसी-एसडीओ कार्यालय परिसर के बाहर सड़क के दोनों ओर दोपहिया वाहनों की कतार नजर आ रही है. कार्यालय में विभिन्न काम से आने वाले लोग अपने वाहन नो-पार्किंग क्षेत्र में ही खड़े कर दे रहे हैं. इससे सड़क की चौड़ाई कम हो रही है और चार पहिया वाहनों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
गार्ड तैनात, फिर भी लग रही वाहनों की कतार
कार्यालय परिसर के बाहर वाहनों को व्यवस्थित रखने के लिए गार्ड की तैनाती की गई है. इसके बावजूद नो-पार्किंग वाले स्थान पर दोपहिया वाहन लगातार खड़े किए जा रहे हैं. इससे कुछ ही समय में सड़क किनारे वाहनों की लंबी कतार लग जाती है और रास्ता संकरा हो जाता है.
एक गार्ड के नहीं आने की बात कही
मौके पर मौजूद एक गार्ड ने बताया कि दो गार्ड की तैनाती की गई थी, लेकिन उनमें से एक गार्ड पिछले करीब एक महीने से ड्यूटी पर नहीं आ रहा है. उनका इलाज चल रहा है. ऐसे में वाहनों को नियंत्रित करने की जिम्मेदारी एक ही गार्ड पर रह जाती है.
कार्रवाई नहीं होने से बढ़ रही समस्या
स्थानीय स्तर पर वाहन चालकों के खिलाफ नियमित कार्रवाई नहीं होने से नो-पार्किंग क्षेत्र में पार्किंग की समस्या बढ़ती जा रही है. कार्यालय आने वाले लोग कुछ देर के लिए सड़क किनारे वाहन खड़ा कर देते हैं. देखते ही देखते यहां दोपहिया वाहनों की कतार लग जाती है. इससे कार्यालय के आसपास यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है. लोगों ने नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहनों को खड़ा करने वालों पर कार्रवाई करने और पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

