Search

 
 
 

महिला आरक्षण पर रघुवर का विपक्ष पर हमला, कहा -  नहीं चाहते नारी शक्ति का उदय

Dhanbad: महिला आरक्षण विधेयक (नारी शक्ति वंदन अधिनियम) को लेकर जारी सियासी घमासान के बीच झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता रघुवर दास ने विपक्षी दलों पर कड़ा हमला बोला है. धनबाद आगमन पर सर्किट हाउस में कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए उन्होंने विपक्ष की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि परिवारवाद, जातिवाद और तुष्टिकरण की राजनीति करने वाले दल कभी नहीं चाहते कि महिलाओं को उनका वाजिब हक मिले.
 

Dhanbad: महिला आरक्षण विधेयक (नारी शक्ति वंदन अधिनियम) को लेकर जारी सियासी घमासान के बीच झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता रघुवर दास ने विपक्षी दलों पर कड़ा हमला बोला है. धनबाद आगमन पर सर्किट हाउस में कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए उन्होंने विपक्ष की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि परिवारवाद, जातिवाद और तुष्टिकरण की राजनीति करने वाले दल कभी नहीं चाहते कि महिलाओं को उनका वाजिब हक मिले.

 

विपक्ष पर लगाए गंभीर आरोप

 

रघुवर दास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उद्देश्य देश की आधी आबादी को सशक्त बनाना था. जिसके लिए वे नारी शक्ति वंदन अधिनियम लेकर आए. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों ने संसद के भीतर इस ऐतिहासिक बिल को बाधित करने की कोशिश की, जो महिलाओं के प्रति उनकी नकारात्मक सोच को दर्शाता है. उन्होंने दावा किया कि देश की जनता अब विपक्ष के इस रवैये को समझ चुकी है और भविष्य में एक मजबूत जनादेश के साथ यह विधेयक न केवल दोबारा लाया जाएगा बल्कि इसे पारित भी कराया जाएगा.

 

परिसीमन और सीटों का गणित


पूर्व मुख्यमंत्री ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तकनीकी पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए परिसीमन की आवश्यकता को रेखांकित किया. उन्होंने कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब यह कानून प्रभावी रूप से लागू होगा.

 

रघुवर दास ने भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा करते हुए कहा कि प्रस्तावित व्यवस्था के तहत लोकसभा सीटों की संख्या 543 से बढ़ाकर लगभग 815 तक की जा सकती है. लोकसभा की अधिकतम सीटों को 550 से बढ़ाकर 850 करने का प्रावधान विचाराधीन है. इस पुनर्गठन के आधार पर झारखंड में लोकसभा सीटों की संख्या 14 से बढ़कर 21 तक होने की प्रबल संभावना है.

 

भाजपा का आक्रोश मार्च और भविष्य की रणनीति

 

रघुवर दास ने घोषणा की कि महिला आरक्षण विधेयक को लेकर भाजपा अब सड़क पर उतरने की तैयारी कर रही है. पार्टी की आगामी रणनीति के तहत 25 अप्रैल को रांची में एक विशाल आक्रोश मार्च निकाला जाएगा. यह मार्च मोरहाबादी मैदान से शुरू होकर मेन रोड तक जाएगा, जिसमें राज्य भर से हजारों की संख्या में महिलाओं के जुटने का अनुमान है.

 

राज्य सरकार और पश्चिम बंगाल चुनाव पर निशाना


सिर्फ महिला आरक्षण ही नहीं रघुवर दास ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर भी तीखे हमले किए. उन्होंने राज्य सरकार को घोटालों में लिप्त बताते हुए आरोप लगाया कि झारखंड को एटीएम बनाकर रख दिया गया है. इसके साथ ही उन्होंने आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया और कहा कि इस बार बंगाल में कमल जरूर खिलेगा.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही