Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

राहुल दुबे गैंग का दावा फुस्स, चतरा में नहीं हुई कोई गोलीबारी

कुख्यात अपराधी राहुल दुबे गिरोह द्वारा चतरा जिले के सिमरिया क्षेत्र में मिलेनियम कंपनी के साइट पर कथित फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा पूरी तरह झूठा साबित हुआ है.
Advertisement
Advertisement

Ranchi/Chatra: कुख्यात अपराधी राहुल दुबे गिरोह द्वारा चतरा जिले के सिमरिया क्षेत्र में मिलेनियम कंपनी के साइट पर कथित फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा पूरी तरह झूठा साबित हुआ है. पुलिस जांच में स्पष्ट हो गया है कि मौके पर किसी प्रकार की गोलीबारी की घटना हुई ही नहीं.

 

दरअसल, गिरोह की ओर से सोशल मीडिया पर एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दावा किया गया था कि सिमरिया स्थित साइट पर हमला किया गया है. विज्ञप्ति में दीपक और नंदन नामक दो व्यक्तियों का जिक्र करते हुए उन्हें निशाना बनाने की बात कही गई थी और इसे “चेतावनी” करार देते हुए आगे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई थी. लेकिन जब पुलिस हरकत में आई तो पूरा “फायरिंग कांड” हवा-हवाई निकला.

 

चतरा पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल के निर्देश पर टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच की. जांच के दौरान न तो किसी तरह की गोली चलने के सबूत मिले और न ही स्थानीय स्तर पर किसी ने फायरिंग की पुष्टि की. इसके बाद पुलिस ने साफ तौर पर प्रेस विज्ञप्ति को भ्रामक और झूठा करार दिया.

 

यह पूरा मामला सिर्फ डर का माहौल बनाने और रंगदारी के लिए दबाव बनाने की कोशिश थी. सवाल उठता है कि जब घटना हुई ही नहीं, तो जिम्मेदारी किस बात की ली जा रही थी? क्या यह गिरोह की “सोशल मीडिया गैंगस्टरी” का नया ट्रेंड है, जहां पहले प्रेस रिलीज जारी करो और बाद में कहानी खुद ही धराशायी हो जाए?

 

स्थानीय लोगों में भी इस बात को लेकर चर्चा है कि बिना घटना के ही हमले की जिम्मेदारी लेना कहीं न कहीं गिरोह की हताशा को दर्शाता है. पुलिस की सक्रियता ने इस तथाकथित “गोलीकांड” की हवा निकाल दी है.

 

फिलहाल पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने और दहशत फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी में है. चतरा पुलिस ने साफ कर दिया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ और झूठे दावे कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही