Palamu News: सोननगर-गढ़वा रेलखंड के मोहम्मदगंज रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार शाम मेंटेनेंस कार्य के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया. मालगाड़ी की चपेट में आने से रेलवे के टीआरडी विभाग में कार्यरत करीब 50 वर्षीय अलखदेव यादव गंभीर रूप से घायल हो गए. साथी रेलवे कर्मियों ने उन्हें तत्काल इलाज के लिए हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
इसे भी पढ़ें:
जानकारी के अनुसार, मोहम्मदगंज रेलवे स्टेशन लिमिट और रिवर्सिबल लाइन पर टीआरडी विभाग की टीम मेंटेनेंस का काम कर रही थी. इसी दौरान अलखदेव यादव मालगाड़ी की चपेट में आ गए. हादसे के बाद मौके पर मौजूद रेलवे कर्मियों में अफरा-तफरी मच गई.
घटना के बाद घायल अलखदेव यादव को रेलवे के टावर वैगन से जपला रेलवे स्टेशन लाया गया. वहां से ऑटो के जरिए उन्हें हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में डॉ. पीएन सिंह और विनेश कुमार ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका.
मृतक अलखदेव यादव, फकीरा यादव के पुत्र थे और बिहार के औरंगाबाद जिले के रफीगंज थाना क्षेत्र के गाजीकर्मा गांव के रहने वाले थे. वे रेलवे के टीआरडी विभाग में कार्यरत थे.
हादसे की सूचना रेलवे कर्मियों ने मृतक के परिजनों को दे दी है. घटना के बाद रेलवे कर्मियों और परिजनों के बीच शोक का माहौल है. खबर लिखे जाने तक शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका था.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

