Ranchi News: बंगाल की खाड़ी में बने भीषण चक्रवाती तूफान 'अकवान' का असर झारखंड में अगले चार दिनों तक दिखेगा. मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे. इस दौरान कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और मेघ गर्जन की संभावना है.
इसे भी पढ़ें:
20 नवंबर की दोपहर तक इसके उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटों के बीच नरसापुर से पुरी के आसपास टकराने की संभावना है. इस दौरान तूफान की अधिकतम रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है, जबकि झोंकों के साथ हवा की गति 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
चक्रवात ‘अकवान’ पिछले 6 घंटे में 7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है. इसकी वजह से दक्षिणी और मध्य झारखंड के कुछ जिलों में भारी बारिश हो सकती है. जिसमें रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो और धनबाद में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा राज्य के दक्षिणी हिस्सों में भी भारी बारिश के आसार हैं.
वहीं, 21 नवंबर को मौसम का असर उत्तर-पूर्वी झारखंड में ज्यादा देखने को मिल सकता है. इस दिन देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज के साथ आसपास के इलाकों में भारी बारिश हो सकती है.
बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ तेजी से उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है. चक्रवाती तूफान का केंद्र 12.9 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 85.4 डिग्री पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया है.यह चेन्नई से करीब 570 किलोमीटर पूर्व, विशाखापत्तनम से 580 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व, मछलीपट्टनम से 590 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व और ओडिशा के गोपालपुर से 710 किलोमीटर दक्षिण में स्थित है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

