Lagatar Desk : राजस्थान के चूरू जिले में सड़क हादसा हुआ है. यहां तारानगर रोड पर ददरेवा-न्यांगली गांव के पास एक कार और ट्रेलर की जोरदार टक्कर हो गई. इस हादसे में कार सवार एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई. जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया.
इसे भी पढ़ें
घटना के संबंध में बताया जाता है कि परिवार के सभी लोग गुड़गांव में माता के दर्शन (धोक लगाने) जा रहे थे. इसी दौरान ददरेवा-न्यांगली गांव के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने कार को सामने से जोरदार टक्कर मार दी. हादसे के बाद चालक ट्रेलर छोड़कर मौके से फरार हो गया.
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला. लेकिन तब तक सभी की जान चली गई थी. पुलिस ने सभी शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है.
वहीं गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया है. पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू करते हुए चालक की तलाश तेज कर दी है. साथ ही दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है.

