Ranchi : झारखंड विधानसभा के बजट सत्र में खिजरी विधायक राजेश कच्छप ने ऊर्जा, गृह कार्य और आपदा प्रबंधन विभाग की अनुदान मांगों के समर्थन में अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने पिछले वर्षों की तुलना में कई महत्वपूर्ण काम किए हैं, जिससे आम लोगों को राहत मिली है.
राजेश कच्छप ने कहा कि राज्य के इतिहास में पहली बार सरकार ने 200 यूनिट तक बिजली मुफ्त देने का फैसला किया है. इससे लाखों लोगों को राहत मिली है. उन्होंने कहा कि कुछ एजेंसियों की गड़बड़ी के कारण बिलिंग से जुड़ी समस्याएं सामने आ रही हैं, लेकिन इससे लोगों को हर महीने बिजली बिल जमा करने की परेशानी से काफी हद तक छुटकारा मिला है.
उन्होंने हर पंचायत में 10-10 चापाकल देने के फैसले की भी सराहना की. उनका कहना था कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की समस्या को दूर करने में मदद मिली है और लोगों को साफ पानी मिल रहा है.
विधायक ने कहा कि सड़क दुर्घटना, सांप काटने, पानी में डूबने और वज्रपात से होने वाली मौत के मामलों में 4 लाख रुपये मुआवजा देने का प्रावधान भी सरकार का बड़ा कदम है. इससे लोगों को राहत मिली है और दुर्घटनाओं के बाद होने वाले सड़क जाम और विरोध की घटनाओं में कमी आई है.
राजेश कच्छप ने जेलों में कैदियों के भोजन और रहने की व्यवस्था में किए गए सुधारों की भी सराहना की. उन्होंने कहा कि अब जेलों में मानवीय व्यवस्था को बेहतर बनाने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने पुलिस थानों को दी गई नई गाड़ियों को भी कानून व्यवस्था को मजबूत करने वाला कदम बताया.
उन्होंने किसानों और आदिवासियों से जुड़े मुद्दे भी उठाए. उन्होंने सरकार से किसानों के खेतों तक बिजली पहुंचाने की मांग की, ताकि कृषि क्षेत्र को मजबूती मिल सके. साथ ही उन्होंने अनुसूचित क्षेत्रों में आदिवासी सहकारी समितियों को खनन का अधिकार देने का सुझाव दिया.
विधायक ने शहर में गैस की किल्लत और कालाबाजारी का मुद्दा भी उठाया और इस पर उचित कार्रवाई की मांग की. उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार जल्द ही राज्य में जीरो कट बिजली और हर घर तक स्वच्छ जल पहुंचाने के अपने लक्ष्य को पूरा करेगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment