Search

 
 
 

राकेश सिन्हा का बाउरी पर पलटवार, बोले- घुसपैठियों के नाम पर असली मुद्दों से न भागे BJP

Ranchi News: राकेश सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई घुसपैठियों के लिए नहीं, बल्कि देश के वास्तविक नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के लिए है. भाजपा बताए कि एसआईआर के दौरान लाखों मतदाताओं के नाम कटने की आशंका पर उसकी जुबान क्यों बंद है. गरीब, मजदूर, आदिवासी, दलित और अल्पसंख्यक परिवारों को अपने वोट की चिंता करने का पूरा अधिकार है.
 
फाइल फोटो

Ranchi News: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी के बयान पर पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस की चौपालों से भाजपा नेताओं की घबराहट साफ दिखाई देने लगी है. कांग्रेस जनता के बीच जाकर उनके सवाल सुन रही है, जबकि भाजपा घुसपैठियों का मुद्दा उठाकर असली सवालों से बचने की कोशिश कर रही है.

 

राकेश सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई घुसपैठियों के लिए नहीं, बल्कि देश के वास्तविक नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के लिए है. भाजपा बताए कि एसआईआर के दौरान लाखों मतदाताओं के नाम कटने की आशंका पर उसकी जुबान क्यों बंद है. गरीब, मजदूर, आदिवासी, दलित और अल्पसंख्यक परिवारों को अपने वोट की चिंता करने का पूरा अधिकार है.

 

उन्होंने सवाल उठाया कि यदि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान किसी पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची से हट जाता है तो इसकी जवाबदेही किसकी होगी? चुनाव आयोग की प्रक्रिया पर सवाल उठाना लोकतंत्र को बदनाम करना नहीं, बल्कि उसे जवाबदेह बनाने का प्रयास है.

 

सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस की चौपालों में जनता मतदाता सूची की गड़बड़ियों, पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर सवाल पूछ रही है. भाजपा को इन सवालों का जवाब देना चाहिए, न कि घुसपैठियों का डर दिखाकर जनता को गुमराह करना चाहिए.

इसे भी पढ़ें - 

 

उन्होंने भाजपा को चुनौती दी कि यदि एसआईआर की प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी है तो वह सार्वजनिक रूप से गारंटी दे कि किसी भी पात्र भारतीय नागरिक का वोट नहीं कटेगा. साथ ही गलत तरीके से नाम हटाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की व्यवस्था भी स्पष्ट करे.

 

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा महंगाई, बेरोजगारी, युवाओं के भविष्य और लोकतांत्रिक अधिकारों जैसे मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए हर लोकतांत्रिक विरोध को राष्ट्रविरोध से जोड़ने की कोशिश करती है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस की चौपालें जारी रहेंगी और पार्टी वास्तविक मतदाताओं के वोट की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी.

 

सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस का स्पष्ट रुख है कि न फर्जी वोट स्वीकार होंगे और न ही किसी पात्र नागरिक का वोट कटने दिया जाएगा. लोकतंत्र किसी राजनीतिक दल की जागीर नहीं है और मतदाता सूची किसी पार्टी का निजी दस्तावेज नहीं है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही