Ranchi News: झारखंड रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह के नाम पर छात्रों से 2,100 रुपये शुल्क लिए जाने के विरोध में आजसू छात्र संघ और विद्यार्थियों ने आज विश्वविद्यालय गेट के सामने प्रदर्शन किया. प्रदर्शन को देखते हुए रांची जिला प्रशासन और पुलिस की बड़ी संख्या में तैनाती की गई थी.
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने कहा कि पहले दीक्षांत समारोह के लिए 300 से 600 रुपये तक शुल्क लिया जाता था. ऐसे में अचानक शुल्क बढ़ाकर 2,100 रुपये करना छात्रों के हित में नहीं है. छात्रों का आरोप है कि सीएलसी और माइग्रेशन के नाम पर पहले ही 900 रुपये शुल्क लिया जा रहा है. इसके बाद दीक्षांत समारोह के लिए 2,100 रुपये की राशि निर्धारित करना विद्यार्थियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने वाला फैसला है.
इसे भी पढ़ें -
आजसू छात्र संघ ने शुल्क बढ़ोतरी को वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन को छात्रों की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखना चाहिए. संघ ने झारखंड सरकार से शिक्षा, परीक्षा, छात्रवृत्ति और नियुक्ति व्यवस्था पर गंभीरता से ध्यान देने की मांग की.
इसके अलावा आजसू छात्र संघ ने विश्वविद्यालय में शिक्षकों की योग्यता और नियुक्ति प्रक्रिया की जांच कराने की भी मांग उठाई. प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की और विश्वविद्यालय प्रशासन से शुल्क में कमी करने की अपील की.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

