- हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल
- बस यात्रियों को मामूली चोटें
- पुलिस-रेस्क्यू टीम ने संभाला मोर्चा
Ramgarh News : जिले के चुट्टूपालू घाटी में बीती रात एक बार फिर भीषण सड़क हादसा हो गया. घाटी में एक ब्रेक फेल हाइवा ने एक के बाद एक कई वाहनों को टक्कर मार दी. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते करीब चार किलोमीटर लंबा जाम लग गया. हालांकि रात में ही दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर आवागमन सामान्य कर दिया गया.
एक के बाद एक कई वाहनों को ठोका
मिली जानकारी के अनुसार, हाइवा संख्या JH 02BM 7942 का ब्रेक फेल होने से चालक ने नियंत्रण खो दिया और सबसे पहले बस संख्या JH 02AF 0528 को टक्कर मारी. इसके बाद हाइवा ने ट्रेलर संख्या AP 16TF 6229 और कार संख्या JH 01AV 6477 समेत अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया.
घायल बाइक सवार सदर अस्पताल में भर्ती
हादसे में एक मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हुई और मोटरसाइकिल सवार सुशील कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें रेस्क्यू टीम की मदद से तत्काल रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज कराया जा रहा है. वहीं बस में सवार कुछ यात्रियों को मामूली चोट आई है, जिनका प्राथमिक उपचार किया गया. इसके बाद यात्री अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए.
इसे भी पढ़ें
सड़क पर बह गया बस का डीजल, अंधेरे में बढ़ी परेशानी
टक्कर के बाद बस का डीजल सड़क पर बह गया, जिससे दुर्घटनास्थल पर स्थिति और संवेदनशील हो गई. घाटी में रोशनी की व्यवस्था नहीं होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य के दौरान भी काफी परेशानी हुई. इधर घटना की सूचना मिलने के बाद रामगढ़ पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने का प्रयास शुरू किया. हादसे के कारण घाटी की एक लेन को बंद कर दिया गया, जबकि दूसरी लेन से वाहनों का आवागमन कराया गया. हालांकि वाहनों की लंबी कतार के कारण यातायात काफी धीमी गति से चलता रहा.
लगातार हादसों से लोगों में बढ़ी चिंता
चुट्टूपालू घाटी में लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर स्थानीय लोगों और वाहन चालकों में चिंता बढ़ती जा रही है. लोगों का कहना है कि घाटी में आए दिन भारी वाहनों के ब्रेक फेल होने और दुर्घटनाओं की घटनाएं सामने आती हैं, लेकिन समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में ठोस वैकल्पिक व्यवस्था अब तक नजर नहीं आती.
स्थानीय लोगों ने कहा कि इस बार भी बड़ा हादसा होते-होते टल गया. यदि हाइवा की चपेट में और वाहन आ जाते तो नुकसान काफी अधिक हो सकता था. लोगों ने घाटी में ब्रेक फेल होने वाले भारी वाहनों की नियमित जांच, आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्था, पर्याप्त रोशनी और प्रभावी ट्रैफिक नियंत्रण की मांग की है.
एक स्थानीय व्यक्ति ने नाराजगी जताते हुए कहा कि टोल टैक्स तो लिया जाता है, लेकिन यात्रियों और वाहन चालकों की जान की सुरक्षा के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं की जा रही है. लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बीच चुट्टूपालू घाटी की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है.
लोगों का कहना है कि हादसों पर केवल तत्काल राहत देने के बजाय ब्रेक फेल और दुर्घटनाओं के कारणों की स्थायी रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाए जाने की जरूरत है.

