Search

 
 
 

Ramgarh : सिरका बुधबाजार पुल के पास व्यक्ति का शव मिला, आक्रोशितों ने सड़क जाम की

Ramgarh News  :  प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोहित प्रजापति पिछले दो वर्षों से अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रामगढ़ में किराये के मकान में रह रहा था और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. रोहित की बेटी के अनुसार, 20 अक्टूबर को सभी लोग किराये के वाहन से अरगड्डा मेला घूमने निकले थे.
 
घटनास्थल पर जांच करते हुए पुलिस
  • रोहित प्रजापति की हत्या से सनसनी
  • आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम की
  • हत्याकांड के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

Ramgarh News  :  जिले के कुजू ओपी क्षेत्र अंतर्गत मंगरदाहा स्थित सिरका बुधबाजार पुल के समीप मंगलवार रात एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया. मृतक की पहचान कहुआबेड़ा निवासी रोहित प्रजापति (39) के रूप में हुई.

 

घटना के बाद बुधवार सुबह ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला. हत्या से नाराज ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. हालांकि, हत्या के पीछे की वजह और इसमें शामिल लोगों के संबंध में अभी तक स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है.

 

Uploaded Image

रोहित की मौत के बाद परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल 

इसे भी पढ़ें

परिवार के साथ अरगड्डा मेला घूमने निकला था रोहित 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोहित प्रजापति पिछले दो वर्षों से अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रामगढ़ में किराये के मकान में रह रहा था और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. रोहित की बेटी के अनुसार, 20 अक्टूबर को सभी किराये के वाहन से अरगड्डा मेला घूमने निकले थे. 

 

इसी दौरान रास्ते में उसके माता-पिता का किसी बात को लेकर विवाद हो गया. विवाद बढ़ने पर उसके पिता वाहन से उतर गए. इसके बाद उसके पिता कहां गए और मंगरदाहा स्थित पुल के समीप वह कैसे पहुंचे, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है. 

 

हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने एक घंटे सड़क जाम की 

रोहित की हत्या की खबर फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया. बुधवार सुबह करीब आठ बजे ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने हत्याकांड का जल्द खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की.

 

सड़क जाम की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को मामले की गंभीरता से जांच करने और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया. इसके बाद सुबह करीब 9:15 बजे जाम समाप्त हुआ. इस दौरान एक घंटे से अधिक समय तक सड़क पर आवागमन प्रभावित रहा.

 

पुलिस जांच में जुटी, विधायक निर्मल महतो ने की कार्रवाई की मांग 

मामले को लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है. हत्या के पीछे की वास्तविक वजह क्या है, रोहित की किन परिस्थितियों में मौत हुई और इस घटना में कौन-कौन शामिल है, इन सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे.

 

वहीं, मांडू विधायक निर्मल महतो ने भी पुलिस से हत्याकांड की गंभीरता से जांच करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है. फिलहाल, इस घटना ने क्षेत्र में कई सवाल खड़े कर दिए हैं. ग्रामीणों को पुलिस की जांच से जल्द खुलासे और दोषियों की गिरफ्तारी की उम्मीद है.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही