Search

रामगढ़ः डीसी ने किया छिन्नमस्तिका मंदिर का निरीक्षण, बस स्टैंड, घाट व दुकानों के निर्माण की है योजना

मंदिर परिसर का जायजा लेते डीसी ऋतुराज व अन्य.

Ramgarh : रामगढ़ डीसी ऋतुराज ने रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर के पुनर्विकास को लेकर मंदिर परिसर का निरीक्षण किया. उन्होंने मंदिर परिसर स्थित प्रशासनिक भवन में अधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक में मंत्री का दर्जा प्राप्त फागू बेसरा, मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य व संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे. डीसी ने झारखंड हाईकोर्ट के आदेशों का हवाला देते हुए मंदिर में प्रस्तावित विकास योजनाओं पर चर्चा की.

 

बैठक में मौजूद मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्यों ने समस्याएं व अपने सुझाव रखे, जिन पर डीसी ने समाधान का आश्वासन दिया. इसके बाद डीसी ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया. उन्होंने प्रस्तावित बस स्टैंड, एंट्री-एग्जिट गेट, घाट निर्माण, दुकानों का पुनर्स्थापन सहित अन्य आधारभूत संरचनाओं के लिए चिह्नित स्थलों का जायजा लिया. संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए. कहा कि मंदिर का पुनर्विकास कार्य सुव्यवस्थित, सुरक्षित व श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता में रखते हुए किया जाएगा. उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा में योजनाओं को पूरा करने का निर्देश दिया.

 

 

मीडिया से बातचीत में डीसी ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेश के तहत मंदिर परिसर से अतिक्रमण हटाया गया है. दुकानों को पुनः स्थापित करने के लिए वैकल्पिक स्थान चिह्नित किए जा रहे हैं. रजरप्पा मंदिर झारखंड का प्रमुख आस्था केंद्र है. यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. इसलिए यहां यातायात, सुरक्षा व बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना प्रशासन की प्राथमिकता है.

 

डीसी ने पुनर्विकास कार्य के लिए काटे जाने वाले पेड़ों के बदले क्षतिपूर्ति वनीकरण को लेकर भी वन विभाग के अधिकारियों के साथ स्थल का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए. मौके पर वन प्रमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, एसडीओ, चितरपुर सीओ, गोपनीय शाखा के प्रभारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//