Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

रामगढ़ : JPSC परीक्षा की तैयारियों को लेकर DC-SP ने की बैठक, दिए सख्त निर्देश

Ramgarh  :  झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन आगामी 19 अप्रैल को होना है. परीक्षा को स्वच्छ, शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली है.

 

जेपीएससी परीक्षा की तैयारियों को लेकर बुधवार को समाहरणालय सभाकक्ष में  उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज और एसपी अजय कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई, जिसमें सभी पर्यवेक्षक सह स्थिर दंडाधिकारी, गस्ती दंडाधिकारी सह उड़न दस्ता दल, जोनल दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और केंद्र अधीक्षक उपस्थित रहे.

 

​कदाचार मुक्त परीक्षा पहली प्राथमिकता

उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि परीक्षा के सफल आयोजन में दंडाधिकारियों और केंद्र अधीक्षकों का उत्तरदायित्व सबसे महत्वपूर्ण है. उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

 

उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि बैठक में बताए जा रहे हर तकनीकी निर्देश को ध्यानपूर्वक सुनें और यदि मन में कोई भी संशय या दुविधा हो, तो उसका त्वरित निवारण कर लें, ताकि परीक्षा के दिन कार्य सुचारू रूप से चल सके.

सुरक्षा और प्रक्रियाओं पर विशेष जोर

​बैठक के दौरान परीक्षा से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं पर विस्तार से चर्चा की गई, जिनमें मुख्य रूप से शामिल हैं:

फ्रिस्किंग (जांच) : अभ्यर्थियों के प्रवेश के समय कड़ी जांच सुनिश्चित करना.

सीलिंग प्रक्रिया : प्रश्न पत्रों और उत्तर पुस्तिकाओं को सुरक्षित तरीके से लाने-ले जाने और सील करने की विधि.

समय सारणी : परीक्षा के पूर्व, परीक्षा के दौरान और परीक्षा समाप्ति के बाद किए जाने वाले कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई.

13 केंद्रों में होगी परीक्षा

प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस बार JPSC प्रारंभिक परीक्षा के लिए जिले में व्यापक इंतजाम किए गए हैं. जिले में ​कुल 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. इस परीक्षा में 2,940 ​अभ्यर्थी शामिल होंगे. परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी. पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी.

परीक्षा के दिन केंद्रों में पुलिस बलों की रहेगी तैनाती

​एसपी अजय कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा कि सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल और महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी. परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे, ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे और परीक्षार्थियों को किसी तरह की असुविधा न हो.

 

बैठक के दौरान अपर समाहर्ता  गीतांजलि कुमारी ने आयोग द्वारा जेपीएससी परीक्षा के तहत जारी दिशा निर्देशों की विस्तार से सभी को जानकारी दी. ​इस बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा, जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी, दंडाधिकारी और सभी 13 केंद्रों के प्रधानाध्यापक सह केंद्र अधीक्षक उपस्थित थे.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही