- ■ अगले महीने से प्रत्येक माह 2-2 थाना दिवस आयोजित करने का उपायुक्त ने दिया निर्देश.
- ■ प्रत्येक मंगलवार व शुक्रवार को जनता दरबार लगाकर लोगों जनों की समस्याओं व शिकायतों का निष्पादन करने का निर्देश.
Ramgarh: समाहरणालय सभाकक्ष में सोमवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत की मौजूदगी में जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा बैठक हुई.
बैठक में उपायुक्त ने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने शिक्षा, पर्यटन सहित अन्य विभागों के तहत संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी विभागों के अधिकारियों से समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया. उन्होंने पर्यटन विकास, सड़क सुरक्षा, अतिक्रमण नियंत्रण तथा भूमि संबंधी मामलों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.
उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अगले माह से प्रत्येक थाना क्षेत्र में प्रति माह दो ‘थाना दिवस’ आयोजित करने का निर्देश दिया, ताकि आम जनों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके.
इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने सभी क्षेत्रीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को अपने-अपने क्षेत्रों में ‘जनता दरबार’ का आयोजन करें. इस दौरान आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को सुनकर उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों का निष्पादन उनकी प्रकृति के अनुसार 7 दिन, 15 दिन अथवा अधिकतम 90 दिनों के भीतर किया जाए.
बैठक के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से सुझाव भी आमंत्रित किए तथा प्राप्त सुझावों के आधार पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को जनहित के कार्यों में संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता पारदर्शिता, जवाबदेही एवं जनसेवा होनी चाहिए.
बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment