Search

 
 
 

रामगढ़ को मिला नया प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन, मंत्री दीपिका पांडेय ने किया उद्घाटन

Ramgarh : ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने शुक्रवार को रामगढ़ सदर प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन का उद्घाटन किया. इस अवसर पर ममता देवी सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.
 

Ramgarh : ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने शुक्रवार को रामगढ़ सदर प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन का उद्घाटन किया. इस अवसर पर ममता देवी सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.

 

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि सरकारी कर्मियों को पीपुल फ्रेंडली होना चाहिए, ताकि अपने कार्यों के लिए प्रखंड कार्यालय आने वाली जनता का सरकार के प्रति विश्वास और मजबूत हो. उन्होंने कहा कि राज्य के प्रखंड एवं अंचल कार्यालय सरकार का आईना हैं, जहां से ग्रामीण जनता के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता और विकास की सोच झलकती है.

 

मंत्री ने कहा कि सरकारी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारने के लिए आधुनिक और व्यवस्थित कार्यालय भवन आवश्यक हैं. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य ऐसी कार्य संस्कृति विकसित करना है, जहां ग्रामीणों को सरकारी कार्यालयों में आने में किसी प्रकार का संकोच न हो और उनके कार्य सहजता से पूरे हों.

 

डिजिटल पंचायत की अवधारणा का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि सरकार पंचायत स्तर पर ही अधिक से अधिक सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है.

 

हाल ही में जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्र के लिए लगाए गए शिविरों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अन्य प्रमाण पत्रों की सुविधा भी पंचायत स्तर तक पहुंचाई जा रही है, जिससे लोगों को बार-बार प्रखंड कार्यालय नहीं आना पड़े.

 

मंत्री ने बताया कि 15वें वित्त आयोग की लंबित राशि प्राप्त करने के लिए केंद्र सरकार के साथ लगातार प्रयास किए गए. इसके परिणामस्वरूप पंचायतों को विकास योजनाओं के लिए लगभग 35 लाख रुपये की राशि उपलब्ध कराई जा चुकी है.


राज्य वित्त आयोग की राशि मिलने के बाद यह रकम प्रति पंचायत 50 लाख रुपये से अधिक हो जाएगी. उन्होंने कहा कि DMFT मद से भी रामगढ़ समेत विभिन्न जिलों में पेयजल योजनाओं के लिए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं.

 

महिला सशक्तिकरण पर बोलते हुए मंत्री ने कहा कि JSLPS से जुड़ी महिलाओं ने अपने कार्यों से राज्य और देश का नाम रोशन किया है. आम बागवानी सहित विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जुड़ी महिलाओं ने दुबई तक अपनी पहचान बनाई है.

 

इस अवसर पर विधायक ममता देवी ने कहा कि नए भवन के निर्माण से सरकारी अभिलेख सुरक्षित रहेंगे और क्षेत्र के लोगों को सरकारी कार्यों के लिए होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी. उन्होंने प्रखंड कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों से ग्रामीणों के कार्यों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने की अपील की.

 

कार्यक्रम के दौरान लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया गया तथा प्रखंड कार्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया गया. समारोह में सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल, DC ऋतुराज, DDC आशीष अग्रवाल, BDO, CO, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं JSLPS से जुड़ी महिलाएं उपस्थित थीं.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही