Ramgarh : जिले के पतरातू प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार की सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला. यहां पालू स्थित तेतरियाटांड़ में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई. इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई.
इसे भी पढ़ें
जानकारी के अनुसार, टंडवा निवासी सुदामा कुमार बाइक से पतरातू की ओर जा रहे थे. इसी दौरान तेतरियाटांड़ के समीप विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों पर सवार लोग सड़क पर गिर गए.
हादसे में सुदामा कुमार, सुरजी देवी, कृष्ण कुमार और अंश कुमार घायल हुए. दुर्घटना की सूचना मिलते ही आजसू पार्टी के पतरातू प्रखंड अध्यक्ष गंगाधर महतो मौके पर पहुंचे और अपने वाहन से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया.
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद सुदामा कुमार को मृत घोषित कर दिया. वहीं, घायल सुरजी देवी और कृष्ण कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रामगढ़ रेफर कर दिया गया. अंश कुमार का भी उपचार किया गया.
इधर, घटना की सूचना मिलने पर पतरातू पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जानकारी लेते हुए पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है. पुलिस दुर्घटना के कारणों का भी पता लगा रही है.

