- मामले में लीपापोती हुई तो होगा आंदोलन
Ranchi : रामगढ़ अवैध माइंस हादसे में चार मजदूरों की मौत मामले में भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर की है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने इस मामले में जिले के एसपी और डीसी पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है.
श्री साहू ने कहा कि झारखंड में स्थिति कितनी भयावह है कि राज्य के वित्त मंत्री की बात पुलिस प्रशासन नहीं सुन रहा है. मजबूरन वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर को खुद छापेमारी करनी पड़ रही है.
श्री साहू ने कहा कि हाल ही में मुख्यमंत्री ने खनन विभाग की समीक्षा की थी और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे. इससे पहले भी कई बार अवैध खनन मामले में कड़ी कार्रवाई की बात कही गई थी. बावजूद इस निर्देश का कोई असर नहीं दिखता और पूरे राज्य में माफियाओं द्वारा अपना साम्राज्य जारी है. श्री साहू ने सरकार से सवाल किया कि उस समीक्षा के बाद कितने अफसरों और माफियाओं पर कार्रवाई की गई. श्री साहू ने कहा कि राज्य में आए दिन अवैध खनन में लोगों की मौत, गोलीबारी, बमबाजी आम बात हो गई है.
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि झारखंड में अवैध खनन मामले में ईडी, सीबीआई की इंट्री हो या हाईकोर्ट या सुप्रीम कोर्ट के ही संज्ञान में सारा मामला क्यों ना हो परंतु धनबाद, संताल परगना सहित पूरे राज्य में माफियाओं द्वारा अवैध कारोबार का अपना साम्राज्य स्थापित किया गया है. कोयला, बालू, पत्थर, जमीन सहित खनिज संपदाओं की खुलेआम लूट खसोट जारी है.
श्री साहू ने कहा कि रामगढ़ में अवैध खदान में अवैध कोयला निकालने का किया जा रहा था. बड़ा प्रश्न है कि इस प्रकार का अवैध खनन का कारोबार किसकी शह पर होता है, सारी जिम्मेदार एजेंसियां क्या करती हैं? उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि यह सब कुछ सरकार और पुलिस प्रशासन के संरक्षण में अंजाम दिया जाता है. हर घटना की तरह इस मामले में भी दोषियों पर कार्रवाई की बजाय सरकार लीपापोती का खेल अगर खेलती है तो पार्टी आंदोलन को बाध्य होगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment