Search

 
 
 

रामगढ़ :  चोपादारू गांव में जंगली हाथी की रहस्यमयी मौत, वन विभाग ने इलाके में निगरानी बढ़ाई

जिले के गोला वन क्षेत्र अंतर्गत चोपादारू गांव में सोमवार की देर रात एक जंगली हाथी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया. घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई है.
 
  • इलाके में बढ़ाई गई निगरानी

Ramgarh :  जिले के गोला वन क्षेत्र अंतर्गत चोपादारू गांव में सोमवार की देर रात एक जंगली हाथी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया. घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई है. 

फिलहाल हाथी की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है. पोस्टमार्टम के बाद ही जंगली हाथी की मौत का वास्तविक कारण सामने आ सकेगा.  वन क्षेत्र पदाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे. इसके बाद मृत हाथी के आसपास सुरक्षा घेरा बनाकर हर संभावित पहलू की जांच में जुट गई. 

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृत हाथी के साथ एक अन्य हाथी भी मौजूद था. बताया गया कि दोनों हाथी रात के समय एक किसान के खेत में घुस गए थे, जहां उन्होंने आलू की फसल को नुकसान पहुंचाया. इसी दौरान एक हाथी की मौत हो गई, जबकि दूसरा हाथी जंगल की ओर निकल गया. मृत हाथी के सूंढ़ से खून निकल रहा है. 

आशंका जताई जा रही है कि साथी हाथी की मौत के बाद दूसरा हाथी आक्रामक हो सकता है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने हाथी भगाओ दल को अलर्ट कर दिया है. आसपास के गांवों में निगरानी बढ़ा दी गई है और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके.

गौरतलब है कि रामगढ़ जिले का गोला वन क्षेत्र जंगली हाथियों के नियमित आवागमन का इलाका बन चुका है. वर्ष भर हाथियों की मौजूदगी के कारण फसलों, मकानों और अन्य संपत्तियों को नुकसान की घटनाएं सामने आती रहती हैं. कई मामलों में जान-माल की क्षति भी हो चुकी है.

वन विभाग की ओर से फसल और मकान क्षति पर मुआवजा देने का प्रावधान है, जबकि किसी व्यक्ति की मृत्यु होने पर पीड़ित परिवार को चार लाख रुपये की सहायता राशि दी जाती है. फिलहाल चोपादारू गांव और आसपास के इलाकों में भय का माहौल है. 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही