Ramgarh News : रामगढ़ शहर के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक रहा. रामगढ़ छावनी परिषद ने शहर के अलग-अलग सार्वजनिक स्थलों पर आठ स्मारकों के अनावरण कराया. साथ ही कई विकास कार्यों का उद्घाटन भी हुआ. इससे शहर को एक नई पहचान मिली, वहीं राष्ट्रीय गौरव और ऐतिहासिक विरासत को सम्मान भी मिला.
इसे भी पढ़ें
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल और विशिष्ट अतिथि रामगढ़ विधायक ममता देवी शामिल हुईं. छावनी परिषद के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी में पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल रहा.
सबसे पहले सुबह करीब 10:00 बजे नईसराय स्थित पुलिस पोस्ट के समीप कारगिल विजय स्मारक का अनावरण हुआ. यह स्मारक कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को समर्पित है. इसके बाद गांधी चौक स्थित संकट मोचन मंदिर के समीप दांडी यात्रा स्मारक का अनावरण किया गया. सुबह 10:25 बजे सुभाष चौक का नए रूप में उद्घाटन किया गया.
अतितथियों ने लघु सिंचाई विभाग के सामने सूर्य नमस्कार प्रतिमा और रामगढ़ रेलवे स्टेशन चौक पर अशोक स्तंभ का अनावरण किया. इसके बाद फुटबॉल मैदान के समीप 100 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण किया गया.
स्मारकों के अनावरण के बाद मुख्य समारोह सुभाष चंद्र बोस क्रीड़ा स्थल पर आयोजित किया गया. यहां 'जन चेतना अभियान' का शुभारंभ किया गया. इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों में स्वच्छता, इतिहास और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता लाना है. इस मौके पर 'Waste to Art' प्रदर्शनी भी लगाई गई.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

