- जलस्तर बढ़ने की आशंका, पतरातू डैम समेत नदी-नालों के आसपास नहीं जाने की सलाह
Ramgarh News : जिले में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए रामगढ़ जिला प्रशासन ने आम लोगों एवं पर्यटकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है. लगातार बारिश के कारण पतरातू डैम, भैरवा जलाशय सहित अन्य जलस्रोतों में जलस्तर और पानी का बहाव बढ़ने की संभावना बनी हुई है. ऐसे में अचानक जलप्रवाह बढ़ने से दुर्घटना की आशंका को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
इसे भी पढ़ें...
डैम, नदी और तालाब के पास जाने से बचें
प्रशासन ने लोगों से पतरातू डैम, भैरवा जलाशय, नदियों, तालाबों, गहरे जलस्रोतों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की अपील की है. प्रशासन ने कहा है कि पानी का बहाव सामान्य दिखाई देने पर भी जोखिम नहीं लेना चाहिए, क्योंकि बारिश के दौरान जलस्तर और प्रवाह अचानक बढ़ सकता है.
बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील
जिला प्रशासन ने अभिभावकों से अपने बच्चों को डैम, नदी, तालाब और अन्य जलस्रोतों के आसपास जाने से रोकने की अपील की है. प्रशासन का कहना है कि बारिश के मौसम में थोड़ी सी लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है. इसलिए लोगों को अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए.
संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने का निर्देश
लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने सभी अंचल अधिकारियों को थाना प्रभारियों और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रखने का निर्देश दिया है. जलस्रोतों एवं संभावित जलभराव वाले स्थानों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने को कहा गया है.
जिला प्रशासन ने आमजनों और पर्यटकों से अपील की है कि बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से जोखिम वाले स्थानों पर जाने से बचें और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

