Ramgarh/ Chuttupalu: रांची-रामगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब हजारीबाग से रांची की ओर जा रही एक कार में अचानक आग लग गई. कुछ ही देर में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और कार जलकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. राहत की बात यह रही कि वाहन में सवार सभी चार लोग समय रहते बाहर निकल गए और सुरक्षित बच गए.
मिली जानकारी के अनुसार, कार में सफर कर रहे परिवार को रास्ते में वाहन से धुआं निकलता दिखाई दिया. स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत गाड़ी सड़क किनारे रोक दी. इसके बाद पति-पत्नी और उनके दोनों बच्चे कार से बाहर आ गए. देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई और वाहन धूं-धूं कर जलने लगा.
घटना ओरमांझी टोल प्लाजा के समीप हुई, जहां आग की ऊंची लपटों को देखकर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई. कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई.
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालने में जुट गई. साथ ही दमकल विभाग को भी जानकारी दी गई. दमकलकर्मियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. प्रारंभिक जांच में वाहन में तकनीकी खराबी अथवा शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की संभावना जताई जा रही है. मामले की जांच जारी है. घटना के बाद पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया, जिसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन फिर से सुचारु हो गया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment