Search

 
 
 

Ramgarh News : एटीएम में कार्ड फंसा व फर्जी हेल्पलाइन नंबर के जरिये युवक के खाते से 8,500 उड़ाए

रामगढ़ कैंट क्षेत्र में एटीएम कार्ड फंसाकर युवक के खाते से 8500 रुपये निकाल लिया गया. पीड़ित युवक ने घटना की लिखित शिकायत रामगढ़ थाना में दर्ज कराई है. शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
 
  • थाने में शिकायत की

Ramgarh : रामगढ़ कैंट क्षेत्र में एटीएम कार्ड फंसाकर युवक के खाते से 8500 रुपये निकाल लिया गया. पीड़ित युवक ने घटना की लिखित शिकायत रामगढ़ थाना में दर्ज कराई है. शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. 

 

मिली जानकारी के अनुसार, दुसाध टोला निवासी कैलाश माली रविवार की शाम लगभग छह बजे अपने एक मित्र के साथ मेन रोड स्थित यूनियन बैंक के एटीएम में पैसे निकालने गया था. कैलाश ने एटीएम मशीन में अपना कार्ड डालकर सभी आवश्यक प्रक्रिया पूरी की और पिन नंबर भी दर्ज किया, लेकिन खाते से राशि नहीं निकली.

 

इसके बाद उसने एटीएम कार्ड निकालने का प्रयास किया, लेकिन कार्ड मशीन में ही फंस गया. इसी दौरान वहां मौजूद दो युवकों ने उसकी परेशानी देखते हुए एक मोबाइल नंबर दिया और बताया कि यह यूनियन बैंक के हेल्पलाइन का नंबर है.

 

कैलाश ने उक्त नंबर पर संपर्क किया, जहां फोन रिसीव करने वाले व्यक्ति ने उससे कई जानकारियां लीं और आश्वासन दिया कि सोमवार को बैंक शाखा आने पर उसका कार्ड और राशि वापस मिल जाएगी. 

 

कैलाश माली घर लौट गया, लेकिन उसे कुछ संदेह हुआ. करीब डेढ़ घंटे बाद वह दोबारा एटीएम पहुंचा. वहां जाकर उसने देखा कि उसका एटीएम कार्ड मशीन में नहीं था. इसी बीच उसके मोबाइल पर खाते से दो बार राशि निकाले जाने का मैसेज मिला. पहली बार 7,000 रुपये और दूसरी बार 1,500 रुपये की निकासी की गई थी.

 

मैसेज देखने के बाद उसे अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ. घटना के बाद कैलाश माली ने देर रात रामगढ़ थाना पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की.

 

प्रारंभिक तौर पर यह एटीएम कार्ड फंसाकर और फर्जी हेल्पलाइन नंबर के जरिए साइबर ठगी का मामला माना जा रहा है. पुलिस ने लोगों से एटीएम उपयोग के दौरान सतर्क रहने और किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा दिए गए नंबर पर बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की अपील की है. 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही