Ramgarh News : CCL बरका-सयाल क्षेत्र की सौंदा डी कोलियरी में CBI ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. सीबीआई की टीम ने पीओ (परियोजना पदाधिकारी) कार्यालय में तैनात ऑफिस सुपरिंटेंडेंट अभय कुमार बख्शी को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है. इस कार्रवाई के बाद कोलियरी क्षेत्र में हड़कंप मच गया.
इसे भी पढ़ें
मिली जानकारी के अनुसार, सीबीआई की टीम ने इस मामले में तय रणनीति के तहत कार्रवाई की और अभय कुमार बख्शी को रिश्वत की रकम के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. आरोप है कि उन्होंने एक काम के एवज में रिश्वत की मांग की थी.
गिरफ्तारी के बाद सीबीआई के अधिकारी आरोपी को अपने साथ ले गए. मामले से जुड़े तथ्यों की पड़ताल के लिए उनसे पूछताछ की गई. बताया जा रहा है कि कार्रवाई के बाद आरोपी को सीसीएल के गेस्ट हाउस में रखकर भी पूछताछ की गई. टीम इस बात का पता लगाने में जुटी है कि इस प्रकरण में किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की कोई भूमिका है या नहीं.
इस कार्रवाई के बाद सीसीएल के संबंधित कार्यालय और कोलियरी क्षेत्र में कर्मचारियों के बीच चर्चा का माहौल है. फिलहाल, मामले में रिश्वत की सटीक रकम सहित अन्य तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि नहीं है. इस संबंध में जांच एजेंसी की ओर से आधिकारिक बयान अभी सामने नहीं आया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

