Ramgarh News: रामगढ़ उपायुक्त ऋतुराज ने मांडू प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पूरे परिसर का भ्रमण कर वहां की प्रशासनिक व्यवस्थाओं, जन-सुविधाओं तथा संचालित विभिन्न विकास व कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया.
इसे भी पढ़ें:
निरीक्षण के उपरांत उपायुक्त ने अंचल कार्यालय के सभी कर्मियों के साथ संचालित योजनाओं की समीक्षा की. समीक्षा बैठक के दौरान उपायुक्त ने अंचल स्तर पर लंबित मामलों को शून्य करने का सख्त निर्देश दिया. उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि म्यूटेशन (दाखिल-खारिज) मामलों प्राथमिकता के आधार पर अविलंब निष्पादित किए जाए.
साथ ही प्रखंड क्षेत्र में भवनहीन एवं नए आंगनवाड़ी केंद्रों के निर्माण के लिए शीघ्र उपयुक्त सरकारी भूमि चिह्नित करने, बच्चों एवं माताओं के लिए पोषाहार आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा मीटा पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का पारदर्शी व समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का आदेश दिया.
इसके अतिरिक्त परिसर भ्रमण के दौरान उपायुक्त ने वर्षों पुराने एवं जीर्ण-शीर्ण भवनों को सुरक्षा के दृष्टिकोण से अविलंब ध्वस्त करने तथा नए प्रशासनिक भवन के निर्माण के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने का आदेश दिया.
निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य रूप से प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता, अंचल अधिकारी तृप्ति विजय कुजूर, प्रखंड विकास अधिकारी- रीना कुजूर एवं अंचल व प्रखंड कार्यालय के विभिन्न पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

