Search

 
 
 

Ramgarh News: डीसी ने समीक्षा बैठक में राजस्व संग्रहण पर दिया जोर

जिला उपायुक्त ऋतुराज ने राजस्व संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक की. इस दौरान जिले में राजस्व संग्रहण, दाखिल-खारिज, नीलाम पत्र वाद, परिशोधन पोर्टल एवं अन्य राजस्व मामलों की आगे की स्थिति पर विस्तृत समीक्षा की गई.
 

Ramgarh:  जिला उपायुक्त ऋतुराज ने राजस्व, आपूर्ति सहित अन्य विभागों के कार्यों की समीक्षा की . इस दौरान जिले में राजस्व संग्रहण, दाखिल-खारिज, नीलाम पत्र वाद, परिशोधन पोर्टल एवं अन्य राजस्व मामलों की आगे की स्थिति पर विस्तृत समीक्षा की गई.

 


राजस्व संग्रहण कार्यों की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने आंतरिक संसाधन, उत्पाद, खनन, परिवहन, विद्युत सहित अन्य संबंधित विभागों से प्राप्त राजस्व लक्ष्य एवं उसके खिलाफ अब तक हुई उपलब्धियों की जानकारी ली. समीक्षा के दौरान उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने हेतु अगले एक माह तक विशेष अभियान चलाकर कार्य करने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने अधिकारियों से समन्वय बनाकर नियमित निगरानी के साथ राजस्व वसूली कार्यों में तेजी लाने को कहा.

 


नीलाम पत्र वादों की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने संबंधित जिला एवं अनुमंडल स्तरीय अधिकारियों के साथ-साथ सभी अंचल अधिकारियों को बैंक प्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि राजस्व वसूली से जुड़े मामलों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए.

 


बैठक के दौरान उपायुक्त ने आपदा प्रबंधन संबंधित मामलों की भी समीक्षा की. इस क्रम में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को संभावित प्राकृतिक आपदाओं के मद्देनजर सतर्कता बरतने, राहत एवं बचाव कार्यों की पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने तथा आपदा से संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए. साथ ही उन्होंने आमजनों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने हेतु सभी संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर कार्य करने का निर्देश दिया.

 


बैठक में मैनेजर आईटी वेदांत कुमार के द्वारा अंचलवार विभिन्न राजस्व कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्रस्तुत की गई. दाखिल-खारिज मामलों की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने सेवा का अधिकार अधिनियम का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करते हुए सभी लंबित मामलों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन करने का निर्देश दिया. साथ ही उन्होंने सभी अंचलों में न्यायालय संबंधित मामलों की कॉज लिस्ट नियमित रूप से अपडेट रखने को कहा ताकि आमजनों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े. परिशोधन पोर्टल के माध्यम से आमजनों को उपलब्ध कराई जा रही भूमि संबंधी सेवाओं एवं दस्तावेज सुधार से संबंधित आवेदनों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने अधिकारियों को सभी लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि आमजनों को समयबद्ध एवं पारदर्शी सेवा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है.

 

 बैठक के दौरान जिला आपूर्ति पदाधिकारी निशा कुमारी ने जिले में खाद्यान्न वितरण, डीलरों की स्थिति और विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन का ब्यौरा प्रस्तुत किया.  इस दौरान उपायुक्त ने नियमित निरीक्षण और मॉनिटरिंग पर जोर देते हुए समीक्षा के क्रम में आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों  को प्रतिमाह अनिवार्य रूप से अपने-अपने क्षेत्र की पीडीएस दुकानों का भौतिक निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया.

 

उपायुक्त ने केवल दुकानों ही नहीं, बल्कि गोदामों और पैक्स का भी नियमित निरीक्षण कर रिपोर्ट सौंपने को कहा. साथ ही योग्य लाभुकों को लाभ पहुंचाने हेतु उपायुक्त ने एन.एफ.एस.ए. और जे.एस.एफ.एस.एस. के तहत मिलने वाले लाभों की समीक्षा करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने हेतु बेहतर मॉनीटरिंग करने का निर्देश दिया गया.

 

बैठक में डीलरों की संख्या और उनके आवंटन की समीक्षा की गई. उपायुक्त ने खराब प्रदर्शन करने वाले और अनियमितता बरतने वाले पीडीएस संचालकों को चिन्हित कर उन पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही