Ramgarh: रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में सोमवार को नगर परिषद द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की. बैठक में अध्यक्ष नगर परिषद कुसुमलता कुमारी एवं उपाध्यक्ष नगर परिषद रणधीर गुप्ता उपस्थित रहे. बैठक में नगर परिषद क्षेत्र में संचालित विकास योजनाओं, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, राजस्व संग्रहण, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), पीएम स्वनिधि योजना सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा की गई.
बैठक के दौरान उपायुक्त ने नगर परिषद के सफाई वाहनों की प्रखंडवार टैगिंग व्यवस्थित करने सहित सभी वाहनों में जीपीएस सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने पर बल दिया और कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया.नगर परिषद क्षेत्र के 32 वार्डों के प्रभावी प्रबंधन के लिए उपायुक्त ने 16-16 वार्डों पर एक-एक सिटी मैनेजर को टैग करते हुए उनके माध्यम से क्षेत्र में सभी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए क्षेत्रवार जवाबदेही तय की जाए.
आम नागरिकों तक आवश्यक सेवाओं की जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से उपायुक्त ने वॉटर टैंकर, सेप्टिक टैंक सफाई एवं अन्य महत्वपूर्ण सेवाओं से जुड़े दूरभाष नंबरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा. इसके अलावा प्रमुख चौक-चौराहों, सार्वजनिक स्थलों एवं बड़े भवनों की दीवारों पर इन संपर्क नंबरों को प्रदर्शित करने की व्यवस्था करने का निर्देश दिया.
नशा मुक्ति अभियान की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान संचालित करने का और संबंधित अधिकारियों को नियमित कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
बैठक के दौरान छत्तरमांडू स्थित मौलाना अबुल कलाम आजाद पार्क में विभिन्न नागरिक सुविधाओं के विकास को लेकर चर्चा की गई. उपायुक्त ने पार्क का स्थल निरीक्षण कर आवश्यक प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निर्देश दिया ताकि वहां आम नागरिकों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित की जा सकें.
उपायुक्त ने नगर परिषद अंतर्गत कार्यरत सभी कर्मियों, विशेषकर सफाई कर्मियों के वेतन का नियमित भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से उपायुक्त ने 15 दिनों के भीतर टाइड एवं अनटाइड फंड से संचालित की जाने वाली योजनाओं एवं विकास कार्यों से संबंधित प्रस्ताव उपलब्ध कराने को कहा.
सुगिया एवं गोबरदरहा में निर्माणाधीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के कार्यों की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने कार्य प्रगति पर असंतोष व्यक्त किया तथा संबंधित एजेंसी से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया. इसी प्रकार वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर भी नाराजगी जताते हुए संबंधित एजेंसी को स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment