Search

 
 
 

Ramgarh News: अबुआ आवास योजना की उपायुक्त ने की समीक्षा, समय पर लक्ष्य पूर्ण करने का निर्देश

उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में समाहरणालय में ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा की गई. बैठक में अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए.
 

Ramgarh: उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में समाहरणालय में ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा की गई. बैठक में अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए. समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत रिक्त पदों की अद्यतन सूची तैयार कर स्थापना शाखा को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया ताकि आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.

 

अबुआ आवास योजना की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी आवास कोऑर्डिनेटरों को निर्देश दिया कि जिन आवासों का तीसरी किस्त का भुगतान हो चुका है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूर्ण कराया जाए. वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत प्राप्त लक्ष्य के विरुद्ध न्यूनतम 70 प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने का निर्देश सभी प्रखंड समन्वयकों को दिया गया.

 

प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत तीसरी किस्त प्राप्त कर चुके आवासों को आगामी माह तक पूर्ण कराने का निर्देश देते हुए उपायुक्त ने योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने पर बल दिया. इसके अतिरिक्त अंबेडकर आवास योजना के तहत लंबित आवासों में से कम से कम 50 प्रतिशत आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिया गया.

 

मनरेगा कार्यों की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने मानव दिवस सृजन में महिलाओं, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति समुदाय की सहभागिता बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास करने का निर्देश दिया. साथ ही सभी प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारियों (बीपीओ) को मनरेगा के तहत पूर्ण हो चुकी एवं पूर्ण होने वाली योजनाओं की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया ताकि योजनाओं की प्रगति की प्रभावी निगरानी की जा सके.

 

उपायुक्त ने कहा कि ग्रामीण विकास विभाग की सभी योजनाएं ग्रामीण क्षेत्रों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास से सीधे जुड़ी हुई हैं. इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मी निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के लिए गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें. उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा नियमित समीक्षा के माध्यम से प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही