Ramgarh News: जिले में लंबित कांडों के समयसीमा के भीतर जांच में तेजी, निगरानी तथा जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रामगढ़ पुलिस ने डिजिटल पहल की है. इस डिजिटल पहल के तहत PRISM (Police Review of Investigation Status & Monitoring) का शुरू किया गया है. इस डिजिटल प्लेटफॉर्म का शुभारंभ रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत के नेतृत्व में गुरुवार को किया गया.
प्रिज्म है क्या
PRISM के माध्यम से किसी भी आपराधिक कांड में FIR दर्ज होने से लेकर अंतिम रिपोर्ट या आरोप-पत्र समर्पित किए जाने तक अनुसंधान के प्रत्येक चरण की डिजिटल निगरानी एवं समीक्षा की जाएगी. इसका उद्देश्य है कि कोई भी कांड अनावश्यक रूप से लंबित न रहे तथा प्रत्येक अनुसंधानकर्ता और पर्यवेक्षी पदाधिकारी की समयबद्ध जवाबदेही सुनिश्चित हो.
इसे भी पढ़ें:
पोर्टल पर प्राथमिकी, अनुसंधानकर्ता का नाम, कांड का प्रकार, पर्यवेक्षण, प्रतिवेदन-02, स्टैटस रिपोर्ट, साक्ष्य संकलन, अभियुक्त की स्थिति, वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्य तथा अनुसंधान से संबंधित विभिन्न रिपोर्ट में आए तथ्यों की निगरानी की जाएगी. इसके साथ ही 60 से 90 दिनों की वैधानिक समय-सीमा और अंतिम प्रतिवेदन/आरोप-पत्र दाखिल किए जाने की स्थिति भी दर्ज रहेगी.
एक क्लिक में निगरानी, जवाबदेही होगी तय
PRISM के जरिए पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक और थाना प्रभारी प्रत्येक कांड की प्रगति की नियमित समीक्षा कर सकेंगे. अनुसंधान में लंबित बिंदुओं को चिह्नित कर संबंधित अनुसंधानकर्ता को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए जा सकेंगे और निर्देशों के अनुपालन की भी निगरानी की जाएगी. इससे अनुसंधान में होने वाली अनावश्यक देरी को कम करने के साथ-साथ प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही तय करने और कांडों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी.
90 दिनों में कांडों का निष्पादन: मुकेश कुमार लुनायत,SP
PRISM के शुभारंभ के अवसर पर पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने कहा कि यह डिजिटल प्लेटफॉर्म FIR से लेकर Final Report तक प्रत्येक कांड की प्रगति को एकीकृत रूप से मॉनिटर करने में सहायता करेगा. उन्होंने कहा कि 60 से 90 दिनों के भीतर कांडों के निष्पादन तथा NCLI Portal पर जिले के प्रदर्शन में सुधार के लिए PRISM के माध्यम से नियमित और डेटा-आधारित समीक्षा की जाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

