- चितरपुर में खरीफ फसल कार्यशाला का आयोजन
- बदलते मौसम में मोटे अनाज और दलहन पर बढ़ा जोर
Ramgarh: चितरपुर प्रखंड मुख्यालय सभागार में मंगलवार को कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग की ओर से प्रखंड स्तरीय खरीफ कार्यशाला का आयोजन किया गया. इसमें 200 से अधिक किसानों ने भाग लिया. कार्यक्रम का उद्घाटन बीडीओ दीपक मिंज और प्रखंड कृषि पदाधिकारी चित्रा सिंह मुंडा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया.
कार्यशाला में ड्रॉट कंटीजेंट प्लान पर विस्तार से चर्चा की गयी. बीडीओ दीपक मिंज ने कहा कि अल नीनो के प्रभाव से इस वर्ष झारखंड में मानसून कमजोर रहने की संभावना है. इससे कम बारिश होने की आशंका है और धान व मक्का की खेती प्रभावित हो सकती है.
उन्होंने किसानों से मौसम के अनुसार खेती करने की अपील करते हुए कहा कि मोटे अनाज, दलहन और कम पानी में तैयार होने वाली धान की किस्मों को अपनाने की बात कही. आगे कहा कि वैज्ञानिक तरीके से खेती कर नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है.
प्रखंड कृषि पदाधिकारी चित्रा सिंह मुंडा ने कहा कि आधुनिक तकनीक और कम पानी वाली फसलों को अपनाकर किसान बदलते मौसम की चुनौती का सामना बेहतर तरीके से कर सकते हैं. सहायक तकनीकी प्रबंधक अनामिका टेटे ने माइक्रो ड्रिप इरिगेशन, स्प्रिंकलर, मल्चिंग, वर्षा जल संचयन और जल संरक्षण के उपायों की जानकारी दी.
मौके पर कृषि मित्र सतीश कुमार महतो, दिलीप कुमार महतो, बलदेव महतो, सुधीर कुमार अकेला, निर्मल प्रसाद, रवींद्र चौधरी, सुरभि कुमारी, लीलावती कुमारी, सविता देवी, कौशल्या देवी, अनीता कुमारी, वीणा देवी, तेजू कुमार महतो और जितेंद्र कुमार महतो सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment