Ramgarh News : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर जिला प्रशासन ने गांधी चौक में स्थापित महात्मा गांधी की आदमकद प्रतिमा का अनावरण और माल्यार्पण समारोह का भव्य आयोजन किया. कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, समाजसेवियों और नागरिकों ने बापू के आदर्शों को नमन किया.
कार्यक्रम के दौरान हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल, रामगढ़ विधायक ममता देवी, उपायुक्त ऋतुराज कुमार, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत, कैंट बोर्ड के सीईओ विवेक कुमार सिंह और वन प्रमंडल पदाधिकारी नितेश कुमार ने संयुक्त रूप से महात्मा गांधी की आदमकद प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया.
इस अवसर पर अतिथियों ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सद्भाव के सिद्धांतों को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया. वक्ताओं ने कहा कि गांधी जी के विचार आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत हैं. उनके आदर्शों को आत्मसात कर ही एक स्वच्छ, शांतिपूर्ण और समृद्ध समाज का निर्माण किया जा सकता है.
इसे भी पढ़ें
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
समारोह में प्रशासनिक एवं पुलिस तंत्र के कई अधिकारी भी मौजूद रहे. इनमें प्रभारी पदाधिकारी (गोपनीय शाखा) रविंद्र कुमार गुप्ता, जिला पंचायती राज पदाधिकारी सौरभ कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी सिद्धार्थ शंकर चौधरी, भूमि सुधार उप समाहर्ता दीप्ति प्रियंका कुजूर, जिला खेल पदाधिकारी संजीत कुमार, मुख्यालय डीएसपी अकरम रजा, रामगढ़ एसडीपीओ आलोक रंजन, रामगढ़ थाना प्रभारी विजेंद्र कुमार एवं ट्रैफिक थाना प्रभारी नवीन कुमार पांडे सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे.
गांधी घाट पहुंचकर शास्त्री-गांधी को दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के उपरांत उपस्थित अतिथियों एवं अधिकारियों ने गांधी घाट पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी. इस दौरान क्षेत्र के कई प्रमुख समाजसेवी, नागरिक एवं जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे. पूरे कार्यक्रम के दौरान गांधी जी के विचारों, उनके संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया गया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

