Ramgarh News: झारखंड अधिविध परिषद (JAC) द्वारा आयोजित होने वाली झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) 2026 का आयोजन 1 नवंबर को होगा. परीक्षा कदाचार-मुक्त आयोजित कराने के लिए बुधवार को रामगढ़ के ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया. इस दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर की जा रही तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
इसे भी पढ़ें:
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने महर्षि परमहंस बी.एड. कॉलेज, डिवाइन ओंकार मिशन विद्यालय, राधा गोविंद सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय कोयरीटोला, तथा कृष्ण वल्लभ प्लस टू उच्च विद्यालय, लारी का निरीक्षण किया. इस दौरान परीक्षा संचालन से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की गई.
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ऋतुराज ने सभी परीक्षा केंद्रों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि परीक्षा का आयोजन पूरी निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित किया जाए तथा परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं मानक संचालन प्रक्रियाओं का कड़ाई से अनुपालन किया जाए.
उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता और परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित सीटिंग प्लान के अनुरूप परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की समीक्षा की. परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता की रोकथाम, सतत निगरानी एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया.
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा का आयोजन शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है. इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारी एवं केंद्राधीक्षक आपसी समन्वय के साथ कार्य करें कि परीक्षा के दौरान निर्धारित नियमों का पूर्ण अनुपालन हो और विधि-व्यवस्था बनी रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

