Ramgarh News : झारखंड के रामगढ़ जिले के कुजू ओपी की पुलिस ने रोहित प्रजापति हत्याकांड का खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में मृतक रोहित की पत्नी अंजू देवी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में मो. शौकत अंसारी, सुदंरी देवी और दिनेश्वर प्रजापति शामिल हैं. यह जानकारी एसडीपीओ आलोक रंजन ने शुक्रवार की देर शाम प्रेसवार्ता में दी.
इसे भी पढ़ें
उन्होंने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया कि घटना को अंजाम देने के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए शव को पुल के किनारे फेंक दिया गया था. पुलिस गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेजने की तैयारी में है.
ज्ञात हो कि कुजू ओपी क्षेत्र के सिरका कहुआबेड़ा निवासी रोहित प्रजपति का शव बुधवार की सुबह करीब छह बजे गिद्दी-नईसराय मार्ग पर पड़ारू नाला स्थित सिरका बुधबाजार पुल के समीप से बरामद किया गया था. मृतक के गले पर दबाव के निशान के साथ पेट और चेहरे पर चोट के निशान पाए गए थे.
पुलिस ने मामले की जांच और छापेमारी के दौरान एक खून लगा लकड़ी का पट्टा और गला घोंटने में इस्तेमाल किया गया दुपट्टा बरामद किया है. पुलिस के अनुसार, इन चीजों को जांच के लिए साक्ष्य के रूप में रखा गया है. बरामद वस्तुओं की फॉरेंसिक जांच से मामले से जुड़े तथ्यों की पुष्टि में मदद मिल सकती है.
हत्या के विरोध में ग्रामीणों ने की थी सड़क जाम
रोहित प्रजापति की हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दी थी. ग्रामीणों ने पुलिस से दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की थी.

