Ramgarh News: रामगढ़ पुलिस ने नशीले पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सुभाष चौक इलाके से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद किया है. पुलिस ने मामले में एक 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई के दौरान कुल 22.200 किलोग्राम गांजा, दो वाहन और अन्य सामान जब्त किए गए हैं.
एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि 22 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली थी कि सुभाष चौक स्थित एक गुमटी में अवैध रूप से गांजा की खरीद-बिक्री की जा रही है. सूचना की पुष्टि और कार्रवाई के लिए पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) मो. अकरम रजा के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई.
इसे भी पढ़ें:
छापेमारी टीम जब सुभाष चौक स्थित दुर्गा मंदिर के सामने गुमटी के पास पहुंची, तो पुलिस बल को देखकर वहां मौजूद एक युवक भागने का प्रयास करने लगा. पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया. पूछताछ में उसने अपना नाम रितेश कुमार (20 वर्ष), पिता पुरुषोत्तम कुमार सिंह, निवासी न्यू कॉलोनी बगीचा, रामगढ़ बताया.
पुलिस ने नियमानुसार गुमटी की तलाशी ली, जहां से करीब 960 ग्राम गांजा बरामद किया गया. गिरफ्तार युवक की निशानदेही पर उसके घर पर भी छापेमारी की गई. वहां से 16 अलग-अलग पैकेटों में रखा करीब 21.300 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया. गुमटी और घर से बरामद गांजा की कुल मात्रा 22.200 किलोग्राम बताई गई है.
गांजा के परिवहन में इस्तेमाल किए जाने की आशंका पर पुलिस ने आल्टो कार संख्या JH-02T-2425 तथा एक अन्य वाहन JH-24N-2425 को भी जब्त किया है. इस मामले में रामगढ़ थाने में कांड संख्या 216/2026 दर्ज किया गया है. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है.
मामले में शामिल अन्य प्राथमिकी अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. बरामद गांजा के स्रोत और इसके संभावित खरीदारों की जानकारी जुटाने के लिए भी आगे की जांच की जा रही है. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद रामगढ़ में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है. पुलिस का कहना है कि नशीले पदार्थों के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने के लिए जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

