Ramgarh News: आमजनों की सुविधा और राजस्व से संबंधित लंबित मामलों के त्वरित समाधान के लिए रामगढ़ जिले के सभी अंचलों में 19, 20 और 21 अगस्त को 'विशेष राजस्व शिविर' का आयोजन होगा. यह शिविर जिले के सभी 6 अंचलों गोला, रामगढ़, पतरातू, माण्डू, दुलमी और चितरपुर के अंचल कार्यालय परिसरों में सुबह 10 बजे से आयोजित किया जाएगा.
तिथिवार कार्ययोजना निर्धारित
शिविर की तिथिवार कार्ययोजना निर्धारित की गई है. 19 अगस्त (बुधवार) को 30 एवं 90 दिनों से अधिक अवधि के आपत्ति सहित एवं आपत्ति रहित दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) के लंबित मामलों का निष्पादन किया जाएगा. 20 अगस्त (गुरुवार) को पंजी-II (रजिस्टर-2) में सुधार एवं ऑनलाइन लगान रसीद अद्यतन (अपडेट) करने से संबंधित कार्य किए जाएंगे. 21 अगस्त (शुक्रवार) को अन्य सभी राजस्व संबंधी कार्यों एवं जन-शिकायतों का निष्पादन किया जाएगा.
रामगढ़ की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
उपायुक्त के प्रमुख निर्देश
जिन दाखिल-खारिज मामलों को स्वीकृत किया गया है, लेकिन शुद्धि पत्र निर्गत नहीं हुआ है, उन्हें शिविर में ही संबंधित रैयतों को हस्तगत कराया जाएगा. ऑनलाइन लगान रसीद निर्गत करने हेतु शिविर में अलग से एक प्रज्ञा केंद्र/ ऑनलाइन काउंटर की व्यवस्था होगी. आपत्ति वाले मामलों में विधिवत नोटिस निर्गत कर सुनवाई की जाएगी. शिविर के संचालन के लिए रामगढ़ के अपर समाहर्ता को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है.
आमजनों से अपील
जिला प्रशासन ने रामगढ़ जिले के सभी रैयतों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने राजस्व दस्तावेजों के साथ संबंधित अंचल कार्यालय में आयोजित इस शिविर में शामिल हो. जहां राजस्व संबंधी उनकी समस्याओं का समाधान होगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

