Ramgarh News : सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश चंद्रशेखर शनिवार को रजरप्पा स्थित प्रसिद्ध मां छिन्नमस्तिके मंदिर पहुंचे. मंदिर पहुंचने पर प्रशासन की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. इसके बाद उन्होंने मंदिर में मां छिन्नमस्तिके की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया.
उन्होंने देश में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की. मंदिर के पुजारी सोनू पंडा, स्वरूप पंडा सहित अन्य पुजारियों ने न्यायाधीश को विधिवत पूजा कराई. पूजा के दौरान उन्होंने नारियल बलि अर्पित की और रक्षा सूत्र बंधवाया.
मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने कुछ समय बिताया. रजरप्पा मंदिर पहुंचने पर न्यास समिति के अध्यक्ष अशेष पंडा और सचिव शुभाशीष पंडा के नेतृत्व में समिति के सदस्यों ने न्यायाधीश का स्वागत किया. इस अवसर पर उन्हें मां छिन्नमस्तिके मंदिर का प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया.
न्यायाधीश के आगमन को लेकर मंदिर परिसर में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे. पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे. उनके आगमन की सूचना मिलने पर स्थानीय श्रद्धालुओं और लोगों में भी उत्सुकता देखी गई.
इस दौरान झारखंड हाईकोर्ट के न्यायाधीश दीपक रोशन, रजिस्ट्रार जनरल सत्य प्रकाश सिन्हा, रामगढ़ प्रधान न्यायाधीश मो तौफीकुल हुसैन, कुटुंब न्यायालय के जिला न्यायाधीश राजीव आनंद, शुभेंदु द्विवेदी, रामगढ़ उपायुक्त ऋतुराज, एसपी मुकेश लूणायत, डीएफओ नीतीश कुमार, चितरपुर सीओ दीपक मिंज, रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार सहित कई न्यायिक, प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे.

