Ramgarh News : सड़क किनारे और नो-पार्किंग जोन में भारी एवं मालवाहक वाहनों की अवैध पार्किंग पर रोक लगाने के लिए उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर शनिवार रात को जिला परिवहन विभाग ने विशेष औचक जांच अभियान चलाया.
इसे भी पढ़ें...
जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश एक्का के नेतृत्व में टीम ने एनएच-33 के चुट्टूपालू घाटी, पटेल चौक, कुज्जू सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर जांच की. इस दौरान सड़क किनारे और नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े भारी वाहनों के दस्तावेजों की जांच की गई.
अभियान के दौरान कुल 29 वाहनों की जांच की गई. इनमें नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 12 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 2,42,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया.
जांच टीम ने वाहनों के पंजीकरण प्रमाण-पत्र, परमिट, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र और चालक अनुज्ञप्ति समेत अन्य जरूरी दस्तावेजों की भी जांच की. साथ ही वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग करने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने का निर्देश दिया गया.
जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश एक्का ने कहा कि सड़क किनारे, विशेषकर रात के समय नो-पार्किंग जोन में भारी वाहनों के खड़े रहने से दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है. उन्होंने वाहन मालिकों और चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और मुख्य सड़क पर अनधिकृत पार्किंग नहीं करने की अपील की.
जिला प्रशासन एवं परिवहन विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि सड़क सुरक्षा को लेकर जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

