- बरकाकाना वार्ड 23 व 24 की 36 स्ट्रीट लाइटें खराब
Ramgarh News : रामगढ़ नगर परिषद क्षेत्र के बरकाकाना के लोग इन दिनों अंधेरे में रहने को विवश हैं. वार्ड नंबर 23 व 24 के गली-मोहल्लों में लगीं 36 स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से खराब हैं. इससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. लेकिन नगर परिषद का ध्यान इस ओर बिल्कुल नहीं है. स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद लाइटों की मरम्मत नहीं की गई.
इसे भी पढ़ें
नगर परिषद प्रशासन की ओर से लाखों रुपये खर्च कर गांवों के मुख्य मार्गों व गली-मोहल्लों में स्ट्रीट लाइटें लगाई गई थीं. लेकिन रखरखाव के अभाव में अधिकतर लाइटें महीनों से बंद पड़ी हैं. शाम होते ही इलाके में अंधेरा छा जाता है. इससे पैदल चलने वालों, बुजुर्गों और महिलाओं को आवाजाही में काफी डर और असुविधा का सामना करना पड़ता है. इतना ही नहीं हादसों और चोरी की घटनाओं का भी डर बना रहता है.
नगर परिषद की उदासीनता से लोगों में आक्रोश
नगर परिषद की उदासीनता से ग्रामीणों में आक्रोश है. लोगों का कहना है कि टैक्स देने के बावजूद बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने में नगर परिषद पूरी तरह विफल साबित हो रही है. समस्या से अवगत कराने पर सिर्फ आश्वासन ही मिलता है. धरातल पर कोई कार्रवाई नहीं होती. नगर परिषद केवल कागजों पर काम कर रही है. लोगों ने कहा कि अगर जल्द खराब पड़ी लाइटों की मरम्मत नहीं हुई, तो ग्रामीण आंदोलन के लिए बाध्य होंगे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

