Search

 
 
 

Ramgarh News:सिरका परियोजना की खुली खदान में अचानक घुसा पानी, उत्पादन कार्य ठप

Ramgarh : सीसीएल की सिरका परियोजना में रविवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. परियोजना की खुली खदान में अचानक भारी मात्रा में पानी प्रवेश कर जाने से अफरा-तफरी मच गई. घटना के समय खदान में कार्यरत सभी मजदूरों को तत्काल सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
 

Ramgarh : सीसीएल की सिरका परियोजना में रविवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. परियोजना की खुली खदान में अचानक भारी मात्रा में पानी प्रवेश कर जाने से अफरा-तफरी मच गई. घटना के समय खदान में कार्यरत सभी मजदूरों को तत्काल सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई.

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाम करीब पांच बजे खदान में अचानक दो से तीन मीटर से अधिक पानी भरने लगा. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए खदान में मौजूद लगभग एक दर्जन मजदूरों को तत्काल बाहर निकाला गया. साथ ही उत्पादन कार्य में लगी चार डंपर और एक पोकलेन मशीन को भी सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया.

 

बताया जा रहा है कि जिस क्षेत्र में वर्तमान में ओपन कास्ट खनन किया जा रहा है. वहां पूर्व में भूमिगत खदान संचालित होती थी. खनन कार्य के दौरान बंद पड़ी भूमिगत खदान की एक पुरानी गैलरी क्षतिग्रस्त हो गई. जिसके कारण उसमें जमा पानी तेजी से खुली खदान में प्रवेश कर गया. देखते ही देखते खदान के निचले हिस्से में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई.

 

घटना के बाद परियोजना में कोयला उत्पादन पूरी तरह ठप हो गया है. सिरका परियोजना में प्रतिदिन करीब 2,500 मीट्रिक टन कोयला और लगभग 5,000 क्यूबिक मीटर ओवरबर्डन (ओबी) का उत्पादन किया जाता है. ऐसे में उत्पादन रुकने से सीसीएल को आर्थिक नुकसान होने की आशंका है.

 

सूत्रों के अनुसार, चालू वित्तीय वर्ष में सिरका परियोजना को छह लाख मीट्रिक टन कोयला उत्पादन का लक्ष्य दिया गया है. अचानक हुए जलभराव से इस लक्ष्य पर भी असर पड़ सकता है.

 

घटना की सूचना मिलने के बाद परियोजना प्रबंधन ने मौके का निरीक्षण किया और खदान से पानी निकालने के लिए पंपिंग की व्यवस्था शुरू कर दी है. हालांकि खदान में जमा पानी की मात्रा अधिक होने के कारण सामान्य स्थिति बहाल होने में समय लग सकता है. 

 

जानकारों का मानना है कि जल निकासी पूरी होने के बाद ही खनन कार्य दोबारा शुरू किया जा सकेगा. इस घटना ने एक बार फिर पुराने भूमिगत खनन क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों, भू-तकनीकी अध्ययन और नियमित निगरानी की आवश्यकता को उजागर किया है.

 

सिरका परियोजना के पदाधिकारी ए.एन. सिंह ने बताया कि खुली खदान में बड़ी मात्रा में पानी प्रवेश कर गया है. पानी निकालने का कार्य शुरू कर दिया गया है और उत्पादन जारी रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था पर भी विचार किया जा रहा है.

 

 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही