Search

रामगढ़ः मां छिन्नमस्तिका मंदिर की सुरक्षा होगी कड़ी, लगेंगे सीसीटीवी कैमरे

Ramgarh : प्रसिद्ध सिद्धपीठ रजरप्पा के मां छिन्नमस्तिका मंदिर में पिछले दिनों आदित्यपुर (जमशेदपुर) के श्रद्धालु के साथ पुलिस ने मारपीट की थी. घटना से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे राज्य में चर्चा का विषय बना हुआ है. मामले को गंभीरता से लेते हुए रामगढ़ एसपी अजय कुमार ने मारपीट के आरोप में जैप के चार जवान और एक गृह रक्षक को सस्पेंड कर दिया. एसपी ने मंदिर में सुरक्षा और विधि व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए कई निर्देश दिये थे.


इसे लेकर गुरुवार को रजरप्पा मंदिर के पंचवटी आश्रम में रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने मंदिर न्यास समिति के पुजारियों के साथ बैठक की. बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधाओं के मद्देनजर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये. सुरक्ष व्यवस्था कड़ी करने के भी निर्णय लिये गये. कहा गया कि मंदिरस के प्रवेश द्वार, निकास द्वार, वीआईपी गेट, बिरला भवन सहित अन्य जगहों पर आठ सीसीटीवी कैमरे लगाये जायेंगें.


प्रवेश व निकास द्वार पर पुलिस के जवानों के साथ दो पुजारी भी तैनात रहेंगे. निकास द्वार से किसी को भी प्रवेश नहीं करने देने का निर्णय लिया गया. बैठक मां छिन्नमस्तिका देवी की पूजा का ऑनलाइन लाइव स्क्रीन दर्शन पर भी चर्चा की गयी. हालांकि इस पर सहमति नहीं बन पायी. मौके पर न्यास समिति के सचिव शुभाशीष पंडा, अजय पंडा, असीम पंडा, सुबोध पंडा, रितेश पंडा, लोकेश पंडा, राकेश पंडा, गुड्डू पंडा, ब्रजेश पंडा, अमित पंडा, छोटन पंडा, स्वरूप पंडा, विक्रम पंडा सहित अन्य मौजूद थे.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp