Ramgarh: चितरपुर प्रखंड कार्यालय के समीप स्थित खेल मैदान में आयोजित मायल प्रीमियर लीग सीजन वन का फाइनल मुकाबला मंगलवार को उत्साह और खेल भावना के साथ संपन्न हो गया. फाइनल मुकाबले में मायल क्रिकेट क्लब ने बारीदाड़ी क्रिकेट क्लब को हराकर कप अपने नाम किया.
फाइनल मैच का उद्घाटन आजसू युवा नेता एवं कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पीयूष चौधरी तथा विशिष्ट अतिथि समाजसेवी हर्ष चौधरी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया. इस अवसर पर मुख्य अतिथि पीयूष चौधरी ने कहा कि खेल से युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है. आज के समय में खेल युवाओं को नशा, अपराध और भटकाव से दूर रखने का सशक्त माध्यम है.
उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्तर पर इस तरह के टूर्नामेंट से छिपी प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है. वहीं विशिष्ट अतिथि हर्ष चौधरी ने कहा कि खेल अब केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि करियर का मजबूत विकल्प भी बन चुका है. युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए निरंतर अभ्यास और समर्पण की आवश्यकता है.
बता दें, फाइनल मुकाबला मायल क्रिकेट क्लब और बारीदाड़ी क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया. जिसमें टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मायल क्रिकेट क्लब की टीम 11.4 ओवर में 67 रन बनाकर ऑल आउट हो गई. लक्ष्य का पीछा करने उतरी बारीदाड़ी क्रिकेट क्लब की टीम मायल के गेंदबाजों के आगे टिक नहीं सकी और पूरी टीम 52 रन पर सिमट गइ. इस प्रकार मायल क्रिकेट क्लब ने खिताब अपने नाम किया.
समापन समारोह में विजेता मायल की टीम को 31 हजार रुपए कैश व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया. जबकि उपविजेता बारीदाड़ी टीम को 21 हजार रुपए कैश व ट्रॉफी प्रदान की गई. वहीं पप्पू कुमार को ‘मैन ऑफ द मैच’ तथा पिंटू कुमार को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ का पुरस्कार दिया गया.
पुरस्कार वितरण समारोह के मौके पर मंजीत पटेल, योगेंद्र कुमार, भानु कुमार, शैलेस कुमार, संजीत पटेल, विशाल कुमार, मिथलेश कुमार, शंकर कुमार, महावीर कुमार, राज कुमार गिरी, प्रकाश दीप पटवा, खिलेश्वर महतो सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें



Leave a Comment